भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन रविवार को दुर्ग पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग मैराथन बैठक ली। बैठक के बाद वो मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने धर्मांतरण और भ्रष्टाचार को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि,कांग्रेस सरकार के राज में सबसे अधिक धर्मांतरण और भ्रष्टाचार हो रहा है। राज्य की हालत ऐसी है कि उनके अधिकारी उन्हें पत्र लिखकर जानकारी दे रहे हैं कि उनके यहां धर्मांतरण बढ़ रहा है।
बिहार राज्य के पूर्व मंत्री नितिन नबीन रविवार सुबह दुर्ग पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यालय में दुर्ग जिले के सभी भाजपाई कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा की। भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा भी की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि वो कांग्रेस सरकार की तमाम नाकामियों को आम जनता तक पहुंचाए और उन्हें बताएं कि किस तरह से राज्य सरकार केंद्र सरकार की तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं को अपना बताकर काम कर रही है। इसके बाद उन्होंने बंद कमरे में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अलर्ट किया। बैठक के दौरान उनके साथ संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, राज्य सभा सांसद सरोज पाण्डेय, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
मीडिया के सामने छत्तीसगढ़ सरकार पर साधा निशाना
मीडिया से चर्चा करते हुए नितिन नबीन ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार आई है, तब से धर्मांतरण और भ्रष्टाचार दोनों ही बढ़ गया है। राज्य में भ्रष्टाचार और अराजकता की स्थिति बनी हुई है। छत्तीसगढ़ के कलेक्टर स्तर के अधिकारी पत्र लिख रहे हैं, कि उनके यहां धर्मांतरण हो रहा है उन्हें रोका जाए।