संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी पर आज (बुधवार को) लोकसभा में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब विजिटर्स गैलरी से 2 युवक अचानक नीचे कूद गए। उस समय लोकसभा में बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू अपनी बात रख रहे थे। युवक सदन की बेंच पर कूदते हुए आगे बढ़ने लगे। इसी बीच उन्होंने जूते से निकालकर कुछ स्प्रे किया, जिससे सदन में पीला धुआं फैलने लगा।
पूरे सदन में भगदड़ मच गई। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने संसद पर हमले की धमकी दी थी। इसके बाद से ही दिल्ली पुलिस अलर्ट पर थी। फिर भी 5 लेयर सुरक्षा तोड़कर लोकसभा में प्रदर्शनकारी घुसे और हंगामा किया।
लोकसभा में घुसे दोनों युवक गिरफ्तार
लोकसभा में प्रदर्शन कर रहे युवकों को कुछ सांसदों ने घेरकर पकड़ लिया। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके नाम सागर शर्मा (लखनऊ) और डी मनोरंजन (मैसुरु) हैं। कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया, “मैंने हंगामा करने वाले को सबसे पहले पकड़ा।”
सांसदों ने युवकों की पिटाई कर डाली
युवकों की गिरफ्तारी से पहले कुछ सांसदों ने उनकी पिटाई भी की। यह सब देख स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
संसद के बाहर भी प्रदर्शन कर रहे 2 अरेस्ट
जब दोनों युवक संसद के अंदर हंगामा कर रहे थे, तभी दो अन्य अमोल शिंदे (लातूर, महाराष्ट्र) और नीलम (हिसार) संसद के बाहर नारेबाजी-प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि पुराने संसद भवन पर 13 दिसंबर 2001 को 5 आतंकियों ने हमला किया था। इसमें दिल्ली पुलिस के 5 जवान समेत 9 लोगों की मौत हुई थी।