वाराणसी | रोहनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत भदवर में हाइवे के किनारे शनिवार की सुबह 34 वर्षीय अनिल चौहान उर्फ (जय हिंद) का संदिग्ध हालात में शव मिला। उसके पीठ पर चोट के निशान थे और वह अर्धनग्न अवस्था में था। मौके पर जहर की पुड़िया भी मिली है। शव से कुछ दूरी पर उसका शर्ट था। स्थिति हत्या और आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। सूचना पर पहुंचे परिजनों की हालत बदहवासों जैसी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अनिल शहाबाबाद स्थित एक प्रतिष्ठित कपड़े की दुकान में काम करता था। पत्नी नीतू ने बताया कि शुक्रवार की सुबह नौ बजे वह किसी से पैसे लेने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह कहां रहे और उनके साथ क्या हुआ नही मालूम। सुबह जब युवक की लाश भदवर के लोगों ने देखी तो पुलिस को सूचित किया। उसके हाथ के गोदना से उसके नाम का पता चला।
इसके बाद उसकी पहचान टडिया गांव निवासी अनिल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। कुछ देर बाद पहुंची पत्नी और परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। फोरेंसिंक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। अनिल के पिता भगत और माता बेगा देवी का पहले ही निधन हो चुका है। अनिल की दो बेटियां और एक बेटा है।