होली पर्व को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। आज शुक्रवार से 176 अतिरिक्त बसें संचालित करने का निर्णय लिया गया है जो 9 रूटों पर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का काम करेंगी। सबसे ज्यादा बसें प्रयागराज से रायबरेली होते हुए लखनऊ तक के लिए चलाई जा रही हैं।
इसी तरह प्रयागराज-जौनपुर, गोरखपुर मार्ग पर भी ज्यादा बसें संचालित की जाएंगी। प्रयागराज से अयोध्या, प्रयागराज से वाराणसी मार्ग, प्रयागराज से मीरजापुर मार्ग, प्रयागराज से लखनऊ होकर दिल्ली जाने के लिए भी 9 बसें चलाई जा रही हैं। परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी के मुताबिक, कुल 176 अतिरिक्त बसों का संचालन आज से शुरू हो गया है।
प्रयागराज-मुंबई के लिए 6 से होली स्पेशल ट्रेन
होली पर्व को देखते हुए रेल प्रशासन की ओर से भी होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मुंबई की तरफ से प्रयागराज की तरफ आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके लिए प्रयागराज से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) के और मुंबई से प्रयागराज के लिए होली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि होली पर मुंबई की तरफ से बड़ी संख्या में परदेशी अपने घर वापस आएंगे। उनकी सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 04115 और 04116 होली स्पेशल ट्रेन संचालित होगी। जो प्रयागराज से मुंबई और फिर मुंबई से प्रयागराज आएगी। इसका संचालन 6 मार्च से 21 मार्च तक होगा।