राजधानी रायपुर में सुसाइड करने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को एक पुलिस जवान ने बचा लिया है। शख्स सरोना स्टेशन के पास ट्रेन के पटरी पर लेट गया और अपने सिर को पटरी के बीच रख दिया था। जिसके बाद वहां से गुजर रहे एक पुलिस के जवान ने उसे देखा तो वो उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ा।
इस बीच वहां पर ट्रेन भी आ गई। लेकिन उसने तुरंत लाल कपड़ा दिखाया तो ड्राइवर ने ट्रेन की रफ्तार धीरे कर दी और उसकी जान बच गई। हालांकि उसके शरीर में कुछ जगहों पर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक ट्रेन से पुलिस का एक जवान राजनांदगांव जा रहा था। वो ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में सवार था। पुलिस जवान अक्षय कुमार ने देखा कि सरोना स्टेशन के पास मडिल लाइन की पटरी में एक व्यक्ति लेटा हुआ है। उसने अपने सिर को पटरी के अंदर की तरफ रखा हुआ था। वो ट्रेन से कटाकर सुसाइड करना चाहता था। पटरी पर लेटकर वह गाड़ी का इंतजार कर रहा था।
ये देखने के तुरंत बाद अक्षय ने ट्रेन की चेन को खींचा। और उस व्यक्ति की तरफ तेजी से दौड़ा। उसने अपने गले में लाल रंग का गमछा डाला हुआ था। उसने सामने से आ रही एक मालगाड़ी की तरफ लाल कपड़ा दिखाया। जिसके बाद लोको पायलट ने ब्रेक दबा दिया।
कंधे और सिर में चोट
मालगाड़ी के ब्रेक दबाते ही ट्रेन धीरे होकर करीब 1 किलोमीटर बाद जाकर रुकी। जिससे व्यक्ति ट्रेन के सामने भाग से टकरा गया। हालांकि उसकी जान बच गई। लेकिन उसके शरीर के कंधे के हिस्से और सिर में चोटें आई है। उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है।