भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अक्षरा सिंह बुधवार को दिवंगत अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के पैतृक गांव भदोही के बरदाहा पहुंची और आकांक्षा दुबे की मां से मुलाकात की। इस दौरान आकांक्षा की मां फूट-फूटकर रोने लगीं। अक्षरा ने उन्हें सांत्वना दिया औ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि आकांक्षा को न्याय दिलाने में मदद करें। वहीं आकांक्षा की मां ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। इस दौरान आकांक्षा दुबे की मां ने एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से न्याय मांगा।
सभी लोग करें आकांक्षा को न्याय दिलाने में मदद
भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अक्षरा सिंह ने कहा कि सभी लोग मिलकर आकांक्षा को न्याय दिलाने में मदद करें। उसकी मौत ने मुझे पूरी तरह से तोड़ दिया है। मैं उसे न्याय दिलाने को पूरी कोशिश करूंगी। मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है। आकांक्षा के मामले में निष्पक्ष जांच और कानून सम्मत कार्रवाई हो। जिससे ऐसी घटनाएं दोबारा से न हो पाएं।
मां ने आंचल फैलाकर सीएम से मांगी मदद
आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने अपना आंचल फैलाकर मुख्यमंत्री से अपनी रानी के लिए मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या की गई है। उसे समर और संजय सिंह ने मिलकर मारा है। दोनों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्हें फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी को लगातार टॉर्चर करते थे। किसी दूसरे के साथ काम नहीं करने का दबाव बनाते थे।
बोली मां- मैं तो अनाथ हो गई
उन्होंने कहा कि बेटी को अभी बहुत आगे जाना था लेकिन अब वह नहीं रही। अब मेरा ध्यान कौन रखेगा। मेरा कौन सहारा बनेगा। मैं तो अनाथ हो गई। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी को न्याय मिलना चाहिए। समर और संजय अगर सही हैं तो सामने आएं और बताए क्या हुआ था। मेरी बेटी इन लोगों की छोटी-छोटी बातों को छिपाती रही। अगर पहले ही शिकायत कर देती तो ये दिन नहीं आता।