वाराणसी भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के सुसाइड के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित मां मधू दुबे ने सारनाथ थाने पर हंगामा किया। परिजनों, रिश्तेदारों और समर्थकों के साथ पहुंची आकांक्षा की मां ने समर सिंह की गिरफ्तारी मांगी। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई में देरी पर सवाल भी पूछा। उसके साथ आए लोगों ने भी नारेबाजी करते हुए दोनों भाइयों की गिरफ्तारी की मांग की।
शुक्रवार की दोपहर सारनाथ थाने पर भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां के साथ पहुंचे परिजन और दर्जनों लोगों ने थाने का घेराव किया। अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां मधू दुबे ने कहा कि बेटी आकांक्षा दुबे को न्याय नहीं मिला है और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। घटना के इतने दिन बीत गए लेकिन अभी तक आरोपी सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो पा रही है? मधु दुबे ने वाराणसी पुलिस पर हीला हवाली करने का आरोप लगाते हुए होटल प्रबंधन को भी घेरा। पुलिस ने घटना वाली रात आकांक्षा सिंह के कमरे में पहुंचने वाले संदीप सिंह नामक युवक को क्यों छोड़ा है? मधु दुबे का आरोप है कि उनकी बेटी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने आत्महत्या नहीं की बल्कि होटल प्रबंधन ने आरोपी को पहले से ही होटल के कमरे में बैठा रखा था। लाइव वीडियो का जिक्र करते हुए मधु दुबे ने आरोप लगाया कि वीडियो में आकांक्षा दुबे को मारता हुआ एक व्यक्ति दिख रहा है।
चार दिनों बाद भी आरोपी पकड़ से दूर
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के मामले में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस घटना के 4 दिनों के बाद भी आरोपियों से काफी दूर है। आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के हाथ अभी तक आरोपी भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उसका भाई संजय सिंह नहीं लगे हैं। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम लगातार आरोपियों को ढूंढने के लिए दबिश दे रही है। वहीं घटना के 4 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों के नहीं पकड़े जाने से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।
सारनाथ थाने पर रोते-रोते बेहोश हुई मधू दुबे ।
थाने में बेहोश हुई मधू दुबे
मधु दुबे का रो-रो कर बुरा हाल है और थाने पर चिल्ला-चिल्ला कर कह रही है कि उनकी बेटी को समर सिंह ने मार डाला है। उन्होंने कहा कि पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही बल्कि आरोपियों के प्रति लचर है। चिल्लाते और रोते–रोते आकांक्षा की मां मधू दुबे गश खाकर गिर गई और बेहोश हो गई। साथ आए लोगों ने उन्हें संभाला और पानी पिलाया।
सारनाथ थाने पर समर्थकों और परिजनों के साथ पहुंची आकांक्षा दुबे की मां मधू दुबे।
समर के विदेश भागने की जताई आशंका
आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले में भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर प्रताड़ना करने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। परिजनों ने आरोपियों के विदेश भाग जाने की आशंका जताई है जिस पर परिजनों ने लुक आउट नोटिस की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन की टीम लुक आउट नोटिस जारी किए जाने की तैयारी में है। वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस टीम और क्राइम ब्रांच की टीम समर सिंह और संजय सिंह को गिरफ्तार करने के लिए आजमगढ़, गाजीपुर, गोरखपुर, पटना और महाराष्ट्र तक आरोपियों के संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है।
जनसत्ता दल समर्थन में उतरा
जनसत्ता दल के जिला अध्यक्ष राजन त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस प्रशासन किया लचर कार्रवाई है कि घटना के इतने दिन बाद भी एक भी गिरफ्तारी नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आकांक्षा दुबे को न्याय नहीं मिला और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो जनसत्ता दल बड़ा आंदोलन करेगी।