दुर्ग सांसद विजय बघेल ने “चलबो गौठान खोलबो पोल” के तहत कई गौठानों का निरीक्षण किया है। इसके बाद उन्होंने कहा कि वहां गौवंश की हालत दयनीय हैं। गौठान के अंदर गाय भूखे पेट तड़प तड़प कर मर रही हैं। सरकार गौठान निर्माण के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि सरकार बता देगी कि गौठान निर्माण के नाम पर कितना मद खर्च किया तो वो ये बता देंगे कि उन गौठानों में कितनी गाय तड़प तड़प कर मरी हैं। गौठानों के नाम पर गायों को मारने के लिए पैसा खर्चा किया जा रहा है।
गौठान का निरीक्षण कर वहां की जानकारी लेते सांसद
सांसद विजय बघेल ने अपने बंगले में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि उन्होंने पाटन क्षेत्र में कई गांव में बने गौठानों का निरीक्षण किया। वहां वर्मी कंपोस्ट खाद के नाम पर किसानों को ठगा जा रहा है। किसानों ने उन्हें दिखाया कि तौल कम खाद देने के साथ ही बोरी में पत्थर डालकर खाद दी जा रही हैं। कई किसानों से खाद का पैसा ले लिया गया, लेकिन उन्हें खाद नहीं दी गई है। किसान उनसे काफी नाराज हैं।
सांसद ने कहा कल राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय भिलाई के गौठान का निरीक्षण करने गईं थी। वहां उनके सामने ही दो गाय तड़प तड़प कर मर गई। एक-एक गौठान की हालत खराब है। उन्होंने कहा कि बेलौदी में सरपंच ने क्यों मना किया कि वो 14वें और 15वें वित्त आयोग का पैसा खर्च करके गौठान नहीं बनाएगा। इसके बाद सीएम ने खुद वहां स्पेशल फंड भेजा। पहली किस्त में 40 लाख और फिर और फंड जारी कर जबरदस्ती वहां गौठान का निर्माण किया गया। वहां 7 करोड़ की लागत से एक डैम बनाया गया है। इस डैम की हालत यह है कि ट्रैक्टर से जोतकर उसकी मिट्टी से मेड़ बना दिया और बोला बन गया डैम। इस तरह भ्रष्टाचार हो रहा है।
सांसद विजय बघेल क्षेत्र के लोगों से चर्चा करते हुए।
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के मॉडल को सराह
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नरवा गरुआ घुरवा बाड़ी माडल को प्रधानमंत्री ने सराहा तो फिर भाजपा उसकी पोल क्यों खोल रही है। इस सवाल के जवाब में सांसद विजय बघेल ने कहा कि सराहना हर अच्छे काम की होती है। आरएसएस के द्वारा इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया है। गौ माता का जहां नाम आता है पूरा हिंदू समाज जागृत हो जाता है। प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट करके सराहना की। गोबर से पेंट बनाने की बात को गडकरी जी ने सराहा। ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा कभी भी विरोधी भावना नहीं रखती, लेकिन इन्होंने कभी भी प्रधानमंत्री के किसी निर्णय का स्वागत नहीं किया तो क्या हर निर्णय उनका गलत है। हर चीज का विरोध करोगे।