बुधवार को रायपुर में भारतीय जनता पार्टी ने संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। रायपुर संभाग के सभी जिलों से कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होने इनडोर स्टेडियम पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने इस दौरान विधानसभा चुनाव जिताने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए एक अनूठी शपथ भी रायपुर में भाजपा नेताओं ने ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने कहा- मैं एक शपथ आपके साथ लेना चाहता हूं, दोनों हाथ उठाकर बोलिए छत्तीसगढ़ से नरेंद्र मोदी जी को 11 कमल 11 लोकसभा सीटों पर विजय पताका फहराकर हम देंगे।
रायपुर समेत अन्य जिलों से आए कार्यकर्ता।
इसके बाद मंच पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सम्बोधन करने पहुंचे। CM ने कहा- लोकसभा का चुनाव हमारे सामने एक चुनौती के रूप में है । हमारे अध्यक्ष जी बोल चुके हैं कि 11 लोकसभा सीट हैं तो 11 कमल का फूल वह दिल्ली भेजेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 की 11 लोकसभा सीट जीतकर हम देंगे यही हमारा संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा- भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में विजय, जनता के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्राप्त की है। भाजपा अपने देवतुल्य कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए कल इंडोर स्टेडियम रायपुर में अभिनंदन समारोह आयोजित कर रहा है।
रायपुर में हुए कार्यकर्ता सम्मानित।
भाजपा रायपुर संभाग प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि कांग्रेस सरकार के आतंक और भय से लड़ते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता तक केंद्र की मोदी सरकार की योजना व छत्तीसगढ़ में 15 साल के भाजपा सरकार की उपलब्धियां को लगातार पहुंचाया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, टंकराम वर्मा और रायपुर की 7 विधानसभा सीटों के विधायक और अलग-अलग जिलों से विधायक पहुंचे थे।
कोई खास बात रही होगी, कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, सीएम और मंत्री अग्रवाल।
बूथ अध्यक्ष को मुख्यमंत्री ने पहनाई माला
कार्यक्रम में रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, भाटापारा से आए बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। ये वो कार्यकर्ता थे जिनकी वजह से अलग-अलग इलाकों में भाजपा को सबसे अधिक वोट मिले। इन सभी को मंच पर बुलाकर पीठ थपथपाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने शाबाशी दी, मुख्यमंत्री माला पहनाकर कार्यकर्ताओं के काम को सराहा।