भिलाई. जिला अस्पताल, दुर्ग के ब्लड बैंक से सिविल हॉस्पिटल, सुपेला में समय-समय पर ब्लड लिया गया है। जिसे मरीजों में चढ़ा दिए। इसके बदले में दिए जाने वाली रकम अब तक अदा नहीं की गई है। जिसको लेकर शिकायत कलेक्टर, दुर्ग पुष्पेंद्र मीणा से की गई है। सिविल हॉस्पिटल प्रबंधन का तर्क है कि मरीजों को मांग के मुताबिक खून चढ़ाया गया है। जिसमें कुछ का आयुष्मान कार्ड था। वहीं कुछ प्रसुता थीं। इसको लेकर पत्र पहले भी आया था। जिसके बाद विभाग से चर्चा किए थे।
1,49,600 रुपए है बकाया
सिविल हॉस्पिटल, सुपेला ने जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से अब तक करीब 136 ब्लड यूनिट लिया है। जिसके बदले में उनको तय 1100 रुपए प्रति यूनिट जमा किया जाना था। सिविल हॉस्पिटल प्रबंधन ने अब तक 1,49,600 रुपए जमा नहीं किया है। इस मामले में कलेक्टर, सीएमएचओ से शिकायत की गई है। इसके साथ-साथ उसकी जानकारी सिविल हॉस्पिटल, सुपेला को भी दी गई है।
अन्य सेंटर में भी जाता है ब्लड
जिला अस्पताल, दुर्ग से पाटन, झीट, धमधा के लिए भी ब्लड जाता है। वहां से इस तरह की शिकायत अब तक नहीं मिली है। उनकी ओर से समय पर हर माह में एक दिन चेक भेज कर जमा कर दिया जाता है। इसके उलट सिविल हॉस्पिटल, सुपेला से अब तक चेक ब्लड बैंक को नहीं दी जा रही है।
अस्पताल प्रबंधन दे रहा यह तर्क
सिविल हॉस्पिटल, सुपेला के प्रभारी डॉक्टर पीयाम सिंह ने बताया कि अस्पताल में जो मरीज आयुष्मान कार्डधारी आते हैं। उनको रक्त दिया जाता है। उनके आयुष्मान कार्ड के आधार पर। अब तक किस-किस को रक्त दिया गया है। उसकी जानकारी संबंधित विभाग को भेज देंगे। इसके साथ-साथ आयुष्मान कार्ड के आधार पर दिए हैं या डिलीवरी के लिए आने वाले मरीज को। यह भी बताया जाएगा।