दुर्ग नगर निगम में एक तरफ कर्मचारी वेतन न मिलने से धरने पर बैठे हैं, वहीं दुर्ग विधायक अरुण वोरा निगम मद से अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इसके विरोध में भाजपा नेताओं ने विधायक अरुण वोरा का पुतला दहन किया। पुतला दहन करने के दौरान पुलिस से उनकी छीना-झपटी हुई। इसमें भाजपा के कुछ कार्यकर्ता और पदाधिकारी झुलस गए। इससे आक्रोशित होकर भाजपाइयों ने चक्काजाम कर दिया। उन्होंने सिपाही हरीश साहू पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए उसकी बर्खास्तगी की मांग की है।
दुर्ग नगर निगम के मुख्य कार्यालय में विधायक अरुण वोरा का धूम-धाम से जन्मदिन मनाना बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। इसको लेकर विपक्ष में आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि वेतन के लिए तरस रहे दुर्ग निगम कर्मियों की पीड़ा को दरकिनार कर शासकीय कार्यालय में सरकारी खर्च पर कांग्रेस विधायक अरुण वोरा का जन्मदिन मनाया गया। इसके विरोध में उन्होंने विधायक अरुण वोरा का पुतला दहन किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान दुर्ग पुलिस ने जलते पुतले को छीनने की कोशिश की। इस छीना-झपटी में जलते पुतले की चपेट में आने से जिला भाजयुमो अध्यक्ष नितेश साहू व पार्षद अजीत वैद्य सहित कई कार्यकर्ता झुलस गए। इससे भाजपाई काफी आक्रोशित हैं। इसके विरोध में उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में चक्काजाम कर दिया। यह जाम करीब दो से तीन घंटे तक चलता रहा। इस दौरान उन्होंने निगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विधायक के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ चक्का जाम करने बैठे भाजपाई
सिपाही पर लगाया जानलेवा हमला करने का आरोप
भाजपा नेताओं ने दुर्ग पुलिस के सिपाही हरीश साहू की बर्खास्तगी की मांग को लेकर चक्काजाम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक वोरा के इशारे पर सिपाही साहू ने जान बूझकर उनके ऊपर जानलेवा हमला करने की नीयत से जलता पुतला छीना। इसमें कई लोग झुलस गए।
भाजपा नेताओं ने दोषी पुलिसकर्मी को बर्खास्त करने की मांग की है। घटना के विरोध में भाजपाइयों के चक्काजाम करने की सूचना मिलने के बाद एसडीएम जागेश्वर साहू मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी ने सिपाही की बर्खास्तगी का आश्वासन दिया। इसके बाद भाजपाइयों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर चक्काजाम खोला।
सिपाही की बर्खास्तगी और विधायक के जन्मदिन मामले की जांच का ज्ञापन सौंपते भाजपा नेता
विधायक के जन्मदिन की जांच करने की गई मांग
भाजपा नेताओं ने कहा कि एक तरफ निगम के पास वेतन देने तक के लिए मद नहीं है। वहीं दूसरी तरफ विधायक का जन्मदिन निगम के खर्चे पर धूमधाम से कार्यालय में मनाया जा रहा है। यह नियम के खिलाफ है। इसकी जांचकर पूरा खर्चा विधायक से वसूला जाना चाहिए।
युवक कांग्रेस ने पूर्व CM का फूंका था पुतला
6 दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के चूहे वाले बयान पर प्रदेश की राजनीति गरमाई थी। बालोद जिले में भी कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता बयान के विरोध में उतर आए। गुरूर में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने डॉ रमन सिंह का पुतला दहन किया था। कार्यकर्ताओं ने बीजेपी और रमन सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की थी।
यूथ कांग्रेस के दिग्गज नेता सुमित राजपूत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर अनर्गल बयानबाजी कर उनका अपमान किया। पूर्व मुख्यमंत्री को ये सब शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि रमन सिंह को ये बात हजम नहीं हो रही है कि भूपेश बघेल जी छत्तीसगढ़िया नेता के रूप में अव्वल दर्जे पर उभरे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नई क्रांति ला दी है। युवक कांग्रेस बालोद के कार्यकर्ताओं ने रमन सिंह को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इस तरह की बयानबाजी दोबारा की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेसियों के पुतला दहन में महिला कार्यकर्ता झुलसी थीं
सालभर पहले राज्यसभा में विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला सांसदों के साथ हुई धक्कामुक्की को लेकर जमकर विवाद हुआ था। इसे लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं का पुतला जलाया था। इसी कड़ी में राजनांदगांव और बीजापुर में भी बीजेपी नेताओं का पुतला जलाया गया था। लेकिन राजनांदगांव में पुतला दहन के दौरान अचानक भड़की आग की चपेट में आने से कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता झुलस गई हैं। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बाल और पीठ का कुछ हिस्सा जला था
CSP राजनांदगांव लोकेश देवांगन ने बताया था कि स्थानीय कांग्रेस भवन से पुतला लेकर कांग्रेसी मानव मंदिर चौक की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान किसी कांग्रेसी ने भीड़ के बावजूद लापरवाही पूर्वक पुतले पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। एकाएक भड़की आग की लपटों से कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता सविता ठाकुर झुलस गईं थी। इस हादसे में महिला कार्यकर्ता के बाल और पीठ का कुछ हिस्सा जला था। हादसे के बाद राजनांदगांव महापौर हेमा देशमुख ने तत्काल अपने वाहन से इलाज के लिए महिला कार्यकर्ता को अस्पताल पहुंचाया था।