कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा प्रादेशिक निकालेगी। इसकी शुरुआत 11 दिसंबर को प्रयागराज से की जाएगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को वाराणसी में कहा कि 11 दिसंबर को हम लोग प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा प्रयागराज से शुरू करेंगे। कांग्रेस के हम सभी लोग संगम में स्नान करेंगे। फिर, वहां मनोकामेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक करेंगे।
इसके बाद हम सभी प्रयागराज के धार्मिक व ऐतिहासिक मार्ग से आगे बढ़ेंगे और उस रात वहीं ठहरेंगे। हम लोग तकरीबन 12 जिलों का भ्रमण कर 22 दिसंबर को यात्रा को काशी में समाप्त करेंगे। उस दिन कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी काशी में मौजूद रहेंगे।
इस यात्रा में बुद्धिजीवी वर्ग के तकरीबन 200 लोग ऐसे रहेंगे जो 11 दिन तक लगातार हमारे साथ चलेंगे। इसके अलावा रोजाना प्रत्येक जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा में जुड़ेंगे।
कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि इस यात्रा में बुद्धिजीवी वर्ग के 200 लोग ऐसे रहेंगे जो रोजाना साथ चलेंगे।
दिल्ली का MCD चुनाव छोटा है
दिल्ली के MCD इलेक्शन को छोटा चुनाव बताया। दरअसल, पत्रकारों ने उनसे सवाल किया था कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर दिल्ली के नगर निगम चुनाव में देखने को क्यों नहीं मिला…? इस पर अजय राय ने कहा कि यह छोटा चुनाव है भाई… यात्रा चुनाव के लिए नहीं है। यात्रा देश में भाईचारा बढ़ाने के लिए है। राहुल गांधी यात्रा इसलिए कर रहे हैं ताकि देश के लोग पहले के जैसे ही मिल-जुल कर रहें।
मौजूदा सरकार का परफॉर्मेंस देखें
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि दिल्ली के MCD इलेक्शन में मौजूदा सरकार का परमफार्मेंस देखें। यह देखें कि वह लोग वहां कहां खड़े हैं जो वहां हावी थे और जिनकी वहां सत्ता थी। वहां तो कांग्रेस फिर भी ग्रोथ कर रही है। कांग्रेस के लोग देश भर में लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
इसका नतीजा यह है कि कांग्रेस के प्रति लगातार लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। कांग्रेस के लोग देश में भाईचारा और एक-दूसरे के प्रति विश्वास बढ़ाने का काम कर रहे हैं। अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी आज पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरो रहे हैं। कांग्रेस कभी किसी चुनाव को लक्ष्य बना कर प्रचार-प्रसार नहीं करती है।
कांग्रेस के लिए यह देश और यहां के लोग के बीच का आपसी प्रेम महत्वपूर्ण है। हम जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहने वाले लोग हैं। जनता को जहां कहीं भी किसी प्रकार की समस्या होगी, हम उनकी आवाज बन कर सड़क पर दिखाई देंगे।