गुजरात में भाजपा को एकतरफा बढ़त:जामनगर में रीवाबा और अहमदाबाद में CM भूपेंद्र पटेल आगे, समर्थकों ने जश्न शुरू किया

KHABREN24 on December 8, 2022

गुजरात में 182 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। रुझानों में भाजपा एकतरफा बढ़त लेती नजर आ रही है। भाजपा 138 और कांग्रेस 33 सीटों पर आगे है। आम आदमी पार्टी 8 सीटों पर बढ़त बनाए है। बड़ी सीटों में जामनगर से भाजपा की रीवाबा ने दोबारा बढ़त बना ली है। अहमदाबाद से CM भूपेंद्र पटेल लगातार आगे चल रहे हैं। वीरमगाम से भाजपा के हार्दिक पटेल पीछे चल रहे हैं।

गुजरात में सुबह 8 बजे से पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स की गिनती की गई। इसके बाद EVM से काउंटिंग शुरू हुई। राज्य में इस बार दोनों फेज में 64.3% वोटिंग हुई। यह पिछली बार के 69.2% से करीब 5% कम है। बीते पांच में से तीन चुनाव में वोट प्रतिशत गिरने पर भाजपा को नुकसान और कांग्रेस को फायदा हुआ है। हालांकि, 2012 के चुनाव में वोटिंग 13% बढ़ने के बावजूद भाजपा को दो सीटों का घाटा हुआ था।

गुजरात में काउंटिंग से पहले गुरुवार सुबह स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गईं EVM मशीनों का निरीक्षण किया गया।

अपडेट्स…

  • वीरमगाम में हार्दिक पटेल AAP के अमर सिंह ठाकोर से पीछे चल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने दावा किया था कि भाजपा 135 से 145 सीटे जीतेगी।
  • मोरबी में भाजपा के कांतिलाल अमृतिया आगे चल रहे हैं। वे ब्रिज हादसे के समय लोगों को बचाने के लिए मच्छू नदी में कूदे थे। जिले की तीनों सीटों मोरबी, टंकारा और वांकानेर पर भाजपा आगे है।
  • भावनगर (पश्चिम) से राज्य के शिक्षामंत्री जीतू वाघाणी पीछे चल रहे हैं।
  • खंभालिया सीट पर AAP के CM कैंडिडेट इशुदान गढ़वी ने बढ़त बना ली है। यहां भाजपा दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
  • सूरत के कतारगाम से AAP के गोपाल इटालिया आगे चल रहे हैं। वहां भाजपा-कांग्रेस और AAP के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
  • मजुरा से गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संधवी आगे हैं। यहां फिलहाल दूसरे नंबर पर कांग्रेस कैंडिडेट है।
  • कुतियाणा में लेडी डॉन संतोकबेन जडेजा के बेटे कांधल जडेजा आगे चल रहे हैं। वे निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

मतगणना से पहले सभी EVM स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गई थीं। यहां चौबीस घंटे सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम थे।

दिव्य भास्कर के पोल में भाजपा की जीत
गुजरात में सेकेंड फेज की वोटिंग के बाद भास्कर के गुजराती ऐप ‘दिव्य भास्कर’ ने एग्जिट पोल किया था। इस पोल में भास्कर के 100 पत्रकारों के अलावा तहसील और जिलों के पांच-पांच पत्रकारों-विशेषज्ञों-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने 182 सीटों पर हार-जीत को लेकर बात की। दिव्य भास्कर के इस पोल के मुताबिक भाजपा कांग्रेस से करीब दोगुनी सीटें जीतती नजर आ रही है।

पोल ऑफ पोल्स में सातवीं बार भाजपा सरकार
देश की पांच बड़ी एजेंसियों ने भी गुजरात में 5 दिसंबर को सेकेंड फेज के चुनाव के बाद एग्जिट पोल किए थे। इन सभी में 27 साल से सत्ता पर काबिज भाजपा रिकॉर्ड 7वीं बार भी सरकार बनाती दिख रही है। नीचे दिए ग्राफिक में आप पांचों पोल्स का महापोल देख सकते हैं…

गुजरात की 8 हॉट सीट, इनमें मोदी-शाह और रीवाबा की सीटें

1. जामनगर नॉर्थ से भाजपा की रीवाबा आगे: यहां क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवाबा भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। कांग्रेस से दिग्गज नेता बिपेंद्र सिंह जडेजा और AAP ने कर्सन करमोर चुनाव लड़ रहे हैं। खास बात यह है कि रीवाबा की ननद नयनाबा उनके खिलाफ प्रचार कर रही थीं। वे जामनगर जिला कांग्रेस की महामंत्री हैं। रीवाबा के ससुर अनिरुद्ध जडेजा भी कांग्रेस कैंडिडेट के समर्थन में ही प्रचार कर रहे थे।

2. मणिनगर (अहमदाबाद): राजकोट-पश्चिम से नरेंद्र मोदी ने 2002 में अपना पहला चुनाव लड़ा था। इसके बाद 2007 और 2012 के चुनाव उन्होंने अहमदाबाद की मणिनगर की सीट से जीते। इस सीट पर पिछले 8 चुनाव से भाजपा का कब्दा है। पार्टी ने यहां से अमूल भट्ट को टिकट दिया है। AAP ने विपुलभाई पटेल और कांग्रेस ने सीएम राजपूत को मैदान में उतारा है।

3. नारणपुरा (अहमदाबाद): अहमदाबाद की नारणपुरा विधानसभा सीट 2008 में हुए परिसीमन के बाद 2012 में अस्तित्व में आई। पहली बार यहां से अमित शाह ने बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2017 में बीजेपी के कौशिकभाई पटेल ने यह सीट जीती। इस बार भाजपा ने जितेंद्र भाई पटेल को उतारा है। कांग्रेस से सोनल पटेल और AAP से पंकज पटेल मैदान में हैं।

4. घाटलोडिया (अहमदाबाद): गुजरात को दो मुख्यमंत्री (भूपेंद्र पटेल और आनंदीबेन पटेल) देने वाली घाटलोदिया सीट से इस बार राज्य के CM भूपेंद्र पटेल मैदान में हैं। पाटीदार वोटर्स के असर वाली इस सीट पर कांग्रेस ने राज्यसभा सांसद अमी बेन याग्निक को टिकट दिया है। AAP से विजय पटेल चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान क्रिकेटर रवींद्र जडेजा के साथ भाजपा कैंडिडेट रीवाबा जडेजा।

चुनाव प्रचार के दौरान क्रिकेटर रवींद्र जडेजा के साथ भाजपा कैंडिडेट रीवाबा जडेजा।

5. वीरमगाम (अहमदाबाद): कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हार्दिक पटेल वीरमगाम सीट से कैंडिडेट हैं। पिछले दो टर्म से इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। 2002 और 2007 में यह सीट जीतने वाली कांग्रेस ने पुराने दिग्गज लाखाभाई भारवाड़ को टिकट दिया है। AAP ने अमर सिंह ठाकोर को चुनाव में उतारा है।

6. मोरबी: कांति अमृतिया साल भाजपा के टिकट पर मोरबी से पांच बार जीत चुके हैं। 2017 में उन्हें कांग्रेस के बृजेश मेरजा ने हराया था। चुनाव के बाद मेरजा विधायकी छोड़कर भाजपा में आ गए थे। इस वजह से 2018 में उपचुनाव हुए। इसमें मेरजा ही जीते।
अब भाजपा ने उनका टिकट काटकर एक बार फिर अमृतिया को मैदान में उतारा है। मोरबी पुल हादसे के वक्त वे लोगों की जान बचाने के लिए मच्छू नदी में कूदे थे। कांग्रेस ने जयंति पटेल और AAP ने पंकज रणसरिया को टिकट दिया है।

7. खंभालिया (द्वारका):खंभालिया सीट इसलिए खास है, क्योंकि यहां AAP के CM कैंडिडेट ईशुदान गढ़वी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने मुलुभाई हरदासभाई बेरा और कांग्रेस ने सिटिंग MLA विक्रम माडम को टिकट दिया है। उन्होंने 2017 में भाजपा कैंडिडेट को 11 हजार 46 वोटों से हराया था।
इस सीट पर रोचक बात यह है कि ओवैसी की AIMIM ने भी यहां अपना कैंडिडेट उतारा है। ओवैसी की नजर मछुआरों की मुस्लिम आबादी पर है।

8. बायड (अरावली): यहां से पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के बेटे महेंद्र वाघेला मैदान में हैं। महेंद्र सिंह ने 2012 का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीता था। उन्होंने 2017 का चुनाव नहीं लड़ा था और भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, तीन महीने बाद ही वे कांग्रेस में लौट आए थे। यहां भाजपा ने भीखीबेन परमार और AAP ने चुनीभाई पटेल को टिकट दिया है।

इनके अलावा AAP के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया की सीट कतारगाम (सूरत) और कांग्रेस नेता जिग्नेश मेवाणी वडगाम (बनासकांठा) के चुनाव नतीजों पर भी लोगों की नजर रहेगी। वहीं, सूरत की वराछा से पाटीदार आंदोलन के नेता अल्पेश कथीरिया और वडोदरा की वाघोडिया सीट से भाजपा के बागी मधु श्रीवास्तव के नाम भी चर्चा में हैं।

दक्षिण गुजरात में सबसे ज्यादा 70% वोटिंग
गुजरात को सियासी जानकार चार हिस्सों में बांटकर देखते हैं। ये हैं मध्य, उत्तर, दक्षिण और सौराष्ट्र-कच्छ। इन सभी रीजन में सबसे ज्यादा वोटिंग दक्षिण गुजरात में हुई। यहां वोटिंग का आंकड़ा 70.38% रहा। गुजरात के इन चारों रीजन में वोटर्स की संख्या, महिला-पुरुष मतदाताओं के आंकड़े और वोटिंग परसेंट नीचे दिए ग्राफिक में देख सकते हैं…

62 साल के गुजरात में 35 साल कांग्रेस राज
गुजरात में अब तक बनी सरकारों की बात करें, तो 1960 में राज्य बनने के बाद से 1975 तक यहां कांग्रेस की सरकार रही। 1975 में पहली गैर कांग्रेसी सरकार बनी, लेकिन अगले ही चुनाव यानी 1980 में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी कर ली।

पिछले 27 साल से भाजपा सत्ता पर काबिज
गुजरात में 1975 के 15 साल बाद यानी 1990 में एक बार फिर गैर कांग्रेसी सरकार बनी, लेकिन रियल टर्निंग पॉइंट आया 1995 में… जब भाजपा ने पहली बार अपनी दम पर सरकार बनाई। तब केशुभाई पटेल राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। 2001 में भाजपा ने पटेल को हटाकर नरेंद्र मोदी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया।

इसके बाद 2002, 2007 और 2012 में नरेंद्र मोदी की अगुआई में भाजपा ने विधानसभा चुनाव जीते। हालांकि, राज्य में पिछला यानी 2017 का चुनाव भी भाजपा ने मोदी के चेहरे पर ही लड़ा था, लेकिन सरकार बचने के बावजूद उसकी सीटें घट गई थीं।

गुजरात चुनाव से जुड़ी भास्कर की ये खास खबरें पढ़ना न भूलें…

गुजरात का गणित:इस बार 5% कम वोटिंग, 5 विधानसभा चुनावों में 3 बार वोट प्रतिशत गिरा तो BJP की सीटें घटीं

गुजरात में इस बार एवरेज वोटिंग करीब 64% रही। पिछली बार गुजरात में 69.2% वोट पड़े थे। यानी इसमें करीब 5% गिरावट आती दिख रही है। बीते पांच में से 3 चुनावों में वोट प्रतिशत गिरने पर भाजपा को नुकसान और कांग्रेस को फायदा हुआ है। 2012 के चुनाव में वोट प्रतिशत 13% बढ़ा था इसके बावजूद बीजेपी को दो सीटों का घाटा हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…

गुजरात चुनाव फर्स्ट फेज में 63.31% मतदान:ये आंकड़ा पिछली बार से 5.49% कम; 10 साल में भी सबसे कम वोटिंग

गुजरात में 19 जिलों की 89 सीटों के लिए मैदान में उतरे 788 प्रत्याशियों की किस्मत 1 दिसंबर को ईवीएम में कैद हो गई। पहले चरण में 63.31 फीसदी लोगों ने मतदान किया। यह आंकड़ा 2017 में हुए चुनाव से 5.20% कम रहा। इतना ही नहीं इस बार 10 साल की सबसे कम वोटिंग हुई।

गुजरात चुनाव के सेकेंड फेज में 64.39% वोटिंग:ग्रामीण इलाकों में आंकड़ा बेहतर, साबरकांठा में सबसे ज्यादा वोट पड़े

चुनाव के इस फेज में 14 जिलों की 93 सीटों के लिए 5 दिसंबर को 65.39% वोट पड़े। औसत की बात करें तो सबसे ज्यादा 70.90% मतदान साबरकांठा में और सबसे कम 55.21% मतदान अहमदाबाद में दर्ज किया गया।

Shree Shyam Fancy
Balaji Surgical
S. R. HOSPITAL
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x