रायपुर में जारी भारतीय जनता पार्टी का धरना अब खत्म कर दिया गया है। ये धरना साइंस कॉलेज के पास बन रहे यूथ हब के विरोध में था। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने दावा किया था कि यूथ हब के नाम पर यहां नगर निगम चौपाटी बनाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। इसी के विरोध में यहां धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। पूर्व मंत्री मूणत धरना स्थल पर ही रात बिता रहे थे।
शनिवार को साइंस कॉलेज ग्राउंड के पास जारी इस धरने में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में केंद्रीय मंत्री की ओर से जांच का भरोसा मिला है, इसलिए ये धरना स्थगित किया जा रहा है। शहरी विकास मंत्रालय के मंत्री हरदीप पुरी ने जांच की बात कही है, दोषियों को सजा दी जाएगी। डॉ रमन सिंह ने कहा हालांकि शहर में जारी प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा विरोध करती रहेगी।
निगम का काम स्मार्ट सिटी लिमिटेड से
हाल ही में भाजपा के नेता पूर्व मंत्री राजेश मूणत और पार्षदों का प्रतिनिधी मंडल दिल्ली गया था। वहां केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से शिकायत की गई है। भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि पूर्व में यह कहा गया था कि स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत ए.बी.डी. एरिया में कार्य किया जायेगा। कुछ समय पश्चात ए.बी.डी. एरिया के बाहर छोटे- छोटे कार्यों को, जो कि नगर निगम के स्तर का था, महापौर के दबाव में स्मार्ट सिटी के अधिकारी करने लग गये। जिसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को नहीं दी गई। बहुत ही छोटे – छोटे चौक चौराहों के सौन्दर्यीकरण पर करोड़ों का खर्चा दर्शाया जा रहा है, जो कि नामुमकिन है। बार बार शिकायत करने के बावजूद भी कार्यों में गंभीरता नहीं दिखाई गई।
इन कामों में गड़बडी, केंद्रीय मंत्री को दी गई लिस्ट
क्यों यूथ हब का विरोध कर रहे मूणत
पूर्व मंत्री राजेश मूणत का दावा है कि साइंस कॉलेज ग्राउंड पर सड़क किनारे चौपाटी बनाना अवैध है। छोटे ,गरीब ठेले, खोमचे वालों की रोजी रोटी छीनने की साजिश है। कांग्रेस ने तेलीबांधा तालाब में चौपाटी खोलकर उस स्थान का व्यवसायीकरण कर दिया, वही खेल रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय समेत सम्पूर्ण एजुकेशन हब में करने जा रही है।
भाजपा सरकार के शासनकाल में छात्र- छात्राओं के अनुकूल ,सेंट्रल लाईब्रेरी और नालंदा परिसर बनवाया,लेकिन एजुकेशन हब में बीते 4 साल से केवल ठेले और गुमटियां लग रही हैं,उसे हटाने के स्थान पर चौपाटी बनाने जा रहे हैं। हम उच्च न्यायालय भी जायेगें। आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे। यूथ हब की आड़ में यहां चौपाटी विकसित कर कांग्रेस अपने लोगों को जगह दे देंगे। यहां हॉस्टल में स्टूडेंट रहते हैं उनकी सुरक्षा का भी मसला है।
कांग्रेस का दावा- प्रस्ताव तो भाजपा के समय से था
इस मसले पर कांग्रेस के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दावा किया गया कि साइंस कॉलेज मैदान के पास जिस यूथ हब के विरोध में पूर्व लोक निर्माण मंत्री और भाजपा नेता राजेश मूणत धरना देकर बैठे हैं, उसका प्रस्ताव खुद उनकी सरकार में तैयार हुआ था। कांग्रेस ने शनिवार को दस्तावेजों के सहारे भाजपा के स्टैंड पर पलटवार किया है। रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर और सभापति प्रमोद दुबे ने दस्तावेज जारी कर कहा, पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से अपना टिकट बचाने के लिए राजेश मूणत इसके जरिए राजनीतिक स्टंट कर रहे हैं। इस मामले में मूणत ने कहा था कि कांग्रेस और रायपुर के महापौर झूठ बोल रहे हैं।