इन दिनों पूरे छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा ठंड दुर्ग-भिलाई में पड़ रही है। इस समय ट्विनसिटी का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो कि सामान्य से 5 डिग्री कम है। जबकि यहां पेंड्रा रोड में 11 और अंबिकापुर में 9.8 डिग्री है जहां, ठंड सबसे ज्यादा असर दिखाती है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में हवा का आगमन निम्न स्तर पर उत्तर से होने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट चरम पर है। जहां तक प्रदेश के अन्य शहरों की बात करें तो राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम 13 डिग्री, माना में क्रमश: 30.6 और 11.8 डिग्री, बिलासपुर 33 और 12 डिग्री, पेंड्रा रोड 29.6 और 11 डिग्री, अंबिकापुर 26 और 9.8 डिग्री, जगदलपुर 31.7 और 11 डिग्री तथा राजनांदगांव का तापमान 31 और 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिनभर चटख धूप, शाम होते ही मौसम सर्द
मौसम का मिजाज भी इन दिनों अलग है। सुबह से ही चटख धूप निकल जाती है। दोपहर में तो चुभने भी लगती है, लेकिन जैसे ही दिन ढलता है मौसम सर्द हेनेन लगता है। रात में तो पारा 9 डिग्री तक गिर जा रहा है। इससे शहर खासकर टाउनशिप जहां पटरी उस पार से न्यूनतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री का फर्क रहता है, अच्छी-खासी ठंड पड़ने लगती है।