सरकारी बसों में यात्रा करना अब महंगा हो गया है। अभी तक सरकारी साधारण बसों का किराया 1.05 रुपए प्रति किलोमीटर था। इसमें 25 पैसा प्रति किलोमीटर के हिसाब से वृद्धि कर दी गई है। रात 12 बजे से यात्रियों से बढ़ा किराया लिया जा रहा है।
अब प्रयागराज से लखनऊ जाने के लिए यात्रियों को 52 रुपए अतिरिक्त देना होगा। अभी तक लखनऊ जाने के लिए साधारण बसों का किराया 252 रुपए था जो आज से बढ़कर 304 रुपए हो गया है।
इसी तरह कानपुर जाने का जो किराया अभी तक 249 रुपए था वह बढ़कर 302 रुपए कर दिया गया है। अयोध्या तक का किराया 43 रुपए बढ़ गया है। यानी 203 रुपए के बजाय अब यात्रियों को 246 रुपए देना होगा।
सीबी राम, एआरएम, सिविल लाइंस प्रयागराज
जानकारी न होने से यात्रियों का विवाद
अचानक रात को ही किराया बढ़ जाने से यात्री और कंडक्टरों के बीच विवाद होता रहा। यात्री पुराने किराया दे रहे थे इसे लेकर यात्रियों और कंडक्टरों के बीच कहासुनी भी होती रही।
परिवहन विभाग के प्रबंधक निदेशक संजय कुमार ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह किराए बढ़ाए जाने की सूचना ज्यादा से ज्यादा प्रसारित कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द बढ़े हुए किराए की सूचना बस स्टेशनों पर प्रदर्शित कराया जाए ताकि यात्रा करने के पहले ही यात्रियों को इसकी सूचना हो जाए कि कहां का किराया कितना बढ़ा है। किराया बढ़ाने जाने के पीछे डीजल मूल्य बढ़ना बताया जा रहा है।
अधिकारी बोले, यात्रियों को दी जा रही जानकारी
प्रयागराज मंडल के आरएम एमके त्रिवेदी की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि कंडक्टर यात्रियों के साथ अच्छा बर्ताव करें। उन्होंने बताया कि पूरी सूची बस स्टैंडों पर लगावाया जाएगा।
सिविल लाइंस प्रयागराज बस स्टैंड के एआरएम सीबी राम ने बताया कि शासन के निर्देश पर किराया बढ़ाया गया है। कुछ यात्री जानकारी न होने की वजह से विरोध करते हैं लेकिन कंडक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वह यात्रियों को इसकी जानकारी दें।
शहर | किराया (पहले) | किराया (अब) |
लखनऊ | 252 रुपए | 304 रुपए |
रायबरेली | 151 रुपए | 183 रुपए |
कुंडा | 72 रुपए | 86 रुपए |
बहराइच | 367 रुपए | 449 रुपए |
गोंडा | 277 रुपए | 338 रुपए |
बस्ती | 307 रुपए | 372 रुपए |
अयोध्या धाम | 224 रुपए | 272 रुपए |
अयोध्या | 203 रुपए | 246 रुपए |
जौनपुर | 135 रुपए | 155 रुपए |
वाराणसी | 163 रुपए | 194 रुपए |
आजमगढ़ | 204 रुपए | 241 रुपए |
गोरखपुर | 330 रुपए | 403 रुपए |
टांडा | 206 रुपए | 253 रुपए |
अकबरपुर | 187 रुपए | 229 रुपए |
सुल्तानपुर | 129 रुपए | 157 रुपए |
प्रतापगढ़ | 77 रुपए | 93 रुपए |