छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन का आज आखिरी दिन है। तीसरे दिन कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महासभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपना दर्द बताया। उन्होंने मंच से कहा आज तक मेरे पास खुद का घर नहीं है।
राहुल गांधी ने अपनी 6 साल की उम्र का एक वाकया सुनाया। उन्होंने कहा कि एक दिन मेरे घर का माहौल काफी गहमागहमी का था। उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी से पूछा मां क्या हुआ। तो सोनिया ने कहा कि हम घर छोड़ रहे हैं। मैंने कहा क्यों तो मां ने बताया कि ये हमारा घर नहीं सरकार का घर है। हमें अब यहां से जाना है।
मैंने मां से पूछा कहां जाना है। कहती हैं नहीं मालूम कहां जाना है। मैं हैरान हो गया। मैंने सोचा था वो हमारा घर था। तब से आज 52 साल हो गए मेरे पास घर नहीं है। हमारे परिवार का घर इलाहाबाद था। वहां भी हमारा घर नहीं है। मैं 12 तुगलक लेन दिल्ली में रहता हूं, लेकिन मेरे लिए वो घर नहीं है। मेरा घर तो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मेरे साथ चलता था वो है। वो घर कन्या कुमारी से चला और चलते-चलते जम्मू कश्मीर तक बढ़ गया।
मंच पर बैठी राहुल के भाषण को सुनती उनकी मां सोनिया गांधी।
सावरकर की विचार धारा पर चल रही हिंदुस्तान की सरकार
राहुल गांधी ने कहा वर्तमान में हिंदुस्तान की सरकार सावरकर की विचार धारा पर चल रही है। यहां के मंत्री चाइना से कहते हैं आपकी इकोनॉमी हमसे बड़ी है, इसलिए हम आपसे नहीं लड़ सकते हैं। राहुल ने कहा कि क्या इंग्लैड की इकोनॉमी भारत से अधिक थी जो उसने यहां राज किया। उन्होंने कहा देश के मंत्री इस विचार धारा पर चल रहे हैं कि जो आपसे कमजोर है उसको मारो। जो आपसे मजबूत है उसके सामने झुक जाओ।
फिसली जुबान, कहा सत्याग्रह का मतलब सत्ता का रास्ता न छोड़ो
संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जुबान फिसल गई। उन्होंने महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा कि वो सत्याग्रह की बात कहते थे। राहुल ने कांग्रेसियों से पूछा सत्याग्रह क्या है। लेकिन इसी दौरान उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा कि सत्याग्रह का मतलब सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो, लेकिन शायद वो ये बात बीजेपी के लिए बोलना चाहते थे। उन्होंने तुरंत क्षमा बोला और कहा सत्याग्रह का मतलब सत्य के रास्ते को कभी मत छोड़ो लेकिन बीजेपी कहती है कि हम सत्ता के ग्राही है। बीजेपी के लोग सत्ता के लिए किसी के भी सामने झुक जाएंगे।
पीएम और गौतम अडानी को बताया एक
राहुल गांधी ने भारत के प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा पार्लियामेंट हाउस में प्रधानमंत्री से एक सवाल पूछा था। गौतम अडानी से आपके रिश्ते क्या हैं। आपका उससे क्या संबंध है। आखिर 609 नंबर पर रहने वाली कंपनी अचानक देश में दूसरे नंबर तक कैसे पहुंच गई। आपकी जितनी भी विदेशी नीतियां है सब जगह अडानी को ही क्यों फायदा मिलता है। इंग्लैंड में दबाव डालकर उसे कांट्रैक्ट दिलाया जाता है। संसद में एक फोटो दिखाते हुए पूछा कि इस फोटो में मोदी जी अडानी के प्लेन में रिलैक्स करते दिख रहे हैं। आखिर दोनों के बीच रिश्ता क्या है। सवाल पूछते ही पूरे मंत्री और पूरी सरकार अडानी की रक्षा करने लग गई। उन्होंने यहां तक कहा कि जो अडानी पर आक्रमण करता है वो देश द्रोही है।
ईस्ट इंडिया कंपनी से की मोदी की तुलना
राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी और गौतम अडानी की कंपनी की तुलना ईस्ट इंडिया से की। उन्होंने कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत में राज किया। यहां का पूरा धन और संपदा अपने साथ ले जा रही थी। हुआ क्या देश के लोगों ने उसके खिलाफ लड़ाई लड़ी। आज फिर से इतिहास दोहरा रहा है। नरेंद्र मोदी और अडानी की कंपनी देश की सारी संपदा और धन हथिया रहे हैं। इसलिए देश पर खतरा आएगा तो कांग्रेस खड़ी होगी और लोगों के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में मोदी और अडानी एक मंच पर दिखते हैं वहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अडानी को एक बिलियन डॉलर का कर्ज देता है। क्या लेना देना है मोदी का अडानी से। ये साबित करता है कि ये दोनों एक हैं।
भारत जोड़ो यात्रा के पल किए साझा
राहुल गांधी ने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चार महीने तक कन्या कुमारी से श्रीनगर तक की गई भारत जोड़ो यात्रा की यादें साझा की। उन्होंने बताया कि इस यात्रा से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला। पंजाब में एक मैकेनिक आकर उनसे मिला। जैसे ही राहुल ने उसका हाथ पकड़ा उन्होंने उसके सालों के दर्द को जान लिया। इसी तरह उनके साथ किसानों के साथ मिलकर हुआ।
महाधिवेशन के मंच पर बैठे कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता व पदाधिकारी।
‘भारत माता ने कहा घमंड त्याग कर शुरू करो यात्रा’
राहुल गांधी ने खुद को फिट और यंग बताया। उन्होंने कहा कि वो हर दिन 10-15 किलोमीटर चलते और दौड़ते हैं। उन्हें घमंड था कि भारत जोड़ो यात्रा में हर दिन 25 किलोमीटर चलना उनके लिए बड़ी बात नहीं है। लेकिन केरल में उनका घमंड चूर हो गया। उनका कॉलेज टाइम का घुटनों का दर्द बढ़ गया और वो असहनीय दर्द से गुजर रहे थे। राहुल का घमंड चूर चूर हो गया कि वो 3500 किलोमीटर की यात्रा कैसे करेंगे। इसी दौरान उन्हें भारत माता ने मैसेज दिया कि अगर कन्याकुमारी से तुम निकले हो तो अपने दिल से अहंकार को मिटाओ फिर चलो। इसके बाद धीरे-धीरे मेरी आवाज चुप होती गई और लोगों का कारवां उनके साथ जुड़ता गया।
लाल चौक में झंडा फहराने का मतलब नहीं समझे प्रधानमंत्री – राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने जम्मू एंड कश्मीर के लाल चौक में तिरंगा फहराया। हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा वो तो उन्होंने भी किया है। राहुल ने कहा कि मुझे मोदी जी की एक बात समझ नहीं आई। वो बीजेपी के 15-20 लोगों के साथ जाकर लाल चौक पर तिरंगा फहराते हैं। वहीं भारत जोड़ो यात्रा ने लाखों कश्मीरी युवाओं के साथ उनके हाथ में तिरंगा पकड़ाकर तिरंगा फहराया है। प्रधानमंत्री को ये फर्क नहीं समझ आया। फर्क ये है कि भारत जोड़ो यात्रा ने हिंदुस्तान की भावना और तिरंगे की भावना जम्मू काश्मीर के युवाओं में डाल दी है। मोदी ने तिरंगे की भावना वहां के युवाओं से छीन ली। ये फर्क है आपमें और हममें। ये जो झंडा है तिरंगा है। ये दिल की भावना है, जो दिल के अंदर से आती है।