सारनाथ के होटल में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के बाद आरोपी समर सिंह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोपी समरसिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया है। यूपी के सभी थानों को दोनों की तलाश के लिए पत्र भेजा जा चुका है, कमिश्नरेट पुलिस दोनों के खिलाफ अब इनाम घोषित करने की तैयारी में है। वहीं पुलिस की टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन अब तक पकड़ से दूर हैं।
बुधवार की रात भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया। सीपी के आदेश जारी इन नोटिस के बाद अब दोनों देश छोड़ कर विदेश नहीं भाग पाएंगे। लुकआउट नोटिस की सूचना एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया को भेजी गई है। इसके साथ देश भर के एयरपोर्ट प्रबंधन को भी अलर्ट किया गया है। परिजनों की ओर से आशंका जताई जा रही कि दोनों पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए विदेश भाग सकते हैं। इसलिए कमिश्नरेट की पुलिस ने दोनों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है।
वहीं पूर्वांचल से लेकर बिहार और झारखंड के अलावा पुलिस टीमें मुंबई में डेरा डाले हैं। कई तक पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश के बाद भी समर और संजय गिरफ्त में नहीं आ सके। एसीपी सारनाथ ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। दोनों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि वह देश छोड़ कर भाग न सकें।
मां ने दर्ज कराया था समर सिंह पर केस
बीते 26 मार्च को सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में आकांक्षा दुबे मृत पड़ी मिली थीं। उनकी मां मधु दुबे की तहरीर के आधार पर 27 मार्च को सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मौत का कारण अब तक पहेली
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत का कारण अब तक स्पष्ट हो नहीं सका। वहीं होटल से लेकर मालीक्यूबार तक सामने आ रहे वीडियो भी नई कहानी सुना रहे हैं। चंद घंटे पहले की इन तमाम वीडियो में आकांक्षा पूरी तरह से नार्मल और खुश नजर आ रही हैं। इसके कुछ देर बाद सुसाइड से पहले वह इंस्टाग्राम पर लाइव थीं। इसमें वह फूट-फूटकर रोती नजर आईं। लेकिन, मौत की वजह अब तक अस्पष्ट है। सवाल उठ रहे कि आकांक्षा किस दबाव में थी? ऐसा कदम क्यों उठाया? इन सवालों के जवाब एक सप्ताह बाद भी नहीं मिले हैं।
सीबीआई जांच की मांग कर रहे वकील
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में आक्रोश है। आकांक्षा के वकील ने सीबीआई जांच की मांग की है, मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजा है। बताया कि आकांक्षा को न्याय अब सीबीआई जांच से ही मिल सकता है। बता दें कि सारनाथ के होटल में 26 मार्च को भोजपुरी एक्ट्रेस आंकाक्षा दुबे (27) की मौत अब तक पहेली बनी हुई है। आकांक्षा की मौत में आरोपी समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह 9 दिन बाद भी सारनाथ पुलिस के हाथ नहीं लगा।
माली कुंज क्लब में रखी गई थी पार्टी
भोजपुरी फ़िल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे शनिवार रात मंडुआडीह स्थित माली कुंज क्लब में एक पार्टी में शामिल होने के लिए गई थी। सीसीटीवी वीडियो में साफ दिख रहा है कि पार्टी में उनके साथ विभु विहार कालोनी, मंडुआडीह निवासी अरुण पांडेय व उनकी पत्नी श्रद्धा शामिल थी। इसमें खाने के साथ पीने और डांस का इंतजाम किया गया था। सभी ने जमकर डांस किया और पार्टी का इंजाय किया। वायरल वीडियो में आकांक्षा और श्रद्धा झूमते नजर भी आ रहे हैं। पार्टी से निकलकर श्रद्धा अपने घर चली गई। अरुण पांडेय अपने कार से सारनाथ स्थित होटल छोड़ने के लिए आते समय कॉमन फ्रेंड संदीप को बुला लिया। टिकरी, तारापुर चितईपुर निवासी संदीप अपनी कार से आकांक्षा को सारनाथ के बुद्धा सिटी कालोनी स्थित सोमेंद्र होटल पर पहुंचा। वह लगभग 17 मिनट तक संदीप अभिनेत्री के साथ कमरे में रहा, इसके बाद वह वापस चला गया।