छत्तीसगढ़ के भिलाई स्मृति नगर में वालपेपर व्यापारी के यहां 60 लाख से अधिक की चोरी के मामले में पुलिस आरोपियों से चंद कदम दूर है। इस चोरी की वारदात में बांगलादेशी गिरोह के होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज से पहचान करने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि तीन लोगों की पहचान हो गई है।
स्मृति नगर निवासी सौरभ जैन पेशे से वालपेपर के व्यापारी हैं। उनके घर में 6 अप्रैल को अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में घुसकर लगभग 60 लाख से अधिक की नगदी और सोने चांदी का सामान ले गए। सौरभ जैन ने पुलिस को बताया कि वो अपनी पत्नी ऋचा शर्मा उनके मायके छोड़ने ससुराल गए थे। 6 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने अपनी पत्नी को उसके मायके में छोड़ा, इसके बाद काम पर चले गए। इसके बाद वो देर रात 11 बजे अपने घर लौटा। उसने देखा कि बेडरूम की खिड़की टूटी हुई है। अंदर रखी आलमारी खुली हुई थी। सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। यह देख सौरभ के होश उड़ गए। उसने तुरंत अपनी पत्नी को जानकारी दी और फिर स्मृति नगर चौकी में मामला दर्ज कराया।
स्मृति नगर पुलिस चौकी
व्यापारियों को देने के लिए रखे 45 लाख रुपए नगद
शिकायतकर्ता ने बताया उसने आलमारी में व्यापारियों को देने के लिए 45 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। इसके ही 25 तोला सोना और आधा किलो चांदी के जेवरात भी रखे हुए थे। उसने बताया कि 2021 में उसकी शादी हुई थी। शादी जो सोने चांदी का उपहार आया था वो सारा उसने आलमारी में ऱखा था। इसके अलावा उसके पास 25 हजार रुपये कीमत की हाथ घड़ी थी, वो भी चोरी हो गई।
डिजिटल पेमेंट के जमाने में लाखों का नगद लेन-देन
भारत के आयकर कानून के मुताबिक किसी भी कारण से 2 लाख रुपये से अधिक का नकद लेनदेन नहीं किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, यदि आप एक ही लेन-देन में ₹ 3 लाख के सोने के आभूषण खरीद रहे हैं, तो आपको चेक, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या बैंक हस्तांतरण के माध्यम से भुगतान करना होगा। इसके बाद भी लोग 45 लाख रुपए नगद भुगतान के लिए अपने घर में रखते हैं। स्मृति नगर चौकी प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव का कहना है कि पीड़ित के बताये मुताबिक उन्होंने रकम को लिखा है। उनके पास इतना कैश कहां से आया इसका व्यौरा आयकर विभाग लेगा।
पंकज राठी के घर हुई थी 50 लाख से अधिक की चोरी
पूर्व मंत्री के रिश्तेदार के यहां हुई थी 50 लाख से अधिक की चोरी
इस तरह दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में आदर्श नगर निवासी पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के रिश्तेदार पंकज राठी के यहां लगभग सवा करोड़ से अधिक की चोरी हुई थी। राठी परिवार घटना की रात घर में ताला लगाकर बृजमोहन अग्रवाल की बेटी की शादी समारोह में शामिल होने रायपुर गया था। जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो उनके होश तब उड़ गए। दरवाजे में लगा ताला टूटा पड़ा मिला। घर के भीतर जब परिवार के लोगों ने प्रवेश किया। तब तीन कमरों में रखे अलग- अलग आलमारियों का सामान बिखरा पड़ा हुआ था। इसके बाद परिवार के लोगों ने पद्मनाभपुर थाना को सूचना दिया। पंकज राठी ने बताया कि सोने चांदी के जेवर और नगदी सहित करीब 50 लाख से अधिक रुपयों की चोरी हुई है। बाद में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार चोरी के सामान की बड़ी रिकवरी की थी।