नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में 12 अप्रैल की शाम और 13 अप्रैल की सुबह पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। निगम 12 अप्रैल को सुबह 10 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक शिवनाथ नदी में बने इंटक वेल में मेंटेनेंस का कार्य करेगा। इसके चलते यहां से पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। निगम प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वो 12 अप्रैल की सुबह अधिक पानी स्टोर करके रख लें, जिससे उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।
भिलाई नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक समय-समय पर शिवनाथ इंटक वेल के संसाधनों का मरम्मत कार्य किया जाता है। गर्मी के दिनों को देखते हुए निगम ने इंटक वेल के मरम्मत को लेकर योजना बनाई थी, आने वाले गर्मी के दिनों में शुद्ध पेयजल सप्लाई में कोई परेशानी न हो। निगम के जल कार्य विभाग के कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा तथा प्रभारी सहायक अभियंता बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि भिलाई में ग्रीष्म ऋतु की तैयारी के लिए शिवनाथ इंटक वेल का मेंटेनेंस किया जाएगा। इसके लिए लगभग 10 घंटे के शटडाउन की आवश्यकता होगी। शट डाउन दिनांक 12 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से शाम 7:00 बजे तक रहेगा। जिसके चलते 12 अप्रैल की शाम और 13 अप्रैल गुरुवार सुबह के समय पानी सप्लाई आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी।
नगर पालिक निगम भिलाई
वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निगम आयुक्त ने दिए निर्देश
निगम आयुक्त रोहित व्यास ने सभी जोन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलापूर्ति प्रभावित क्षेत्रों में पानी सप्लाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर रखें। निगम आयुक्त ने कहा कि इस दौरान किसी निगम वासी को पानी के लिए कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। आयुक्त ने निगम वासियों से भी सहयोग की अपील की है।
यह होगा मेंटेनेंस कार्य
शिवनाथ इंटकवेल में लगे पंप और मशीनें सही से कार्य करें, इसके लिए हर साल मेंटेनेंस का कार्य किया जाता है। 12 अप्रैल को निगम के इंजीनियरों द्वारा ट्रांसफार्मर के सभी पैरामीटर की जांच, मोटर पंप के आयल, नमी, बेयरिग, पैनल से जुड़े हुए उपकरण तथा कैपिटल रिपेयर आदि को ठीक किया जाएगा।