मिर्जापुर में बाल विवाह के आरोप में दूल्हा समेत 11 लोगों को राजगढ़ थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से शादी का सामान, 10 हजार रुपए नगद और दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के पिता की तहरीर पर राजगढ़ थाना पुलिस ने की है।
एसपी संतोष मिश्र ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि पैसा लेकर नाबालिग बेटी की शादी हापुड़ के रहने वाले एक युवक के साथ की जा रही है। मौके पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने शादी के मंडप से लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन में एसपी संतोष मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में 21 वर्षीय दूल्हा तुषार चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, समरजीत, भूपेंद्र, आलोक चौधरी, विमल कुमार, निक्की शर्मा, अंकित कुमार, राहुल, राकेश सिंह एवं शादी की मध्यस्था कर रही अनीता देवी शामिल हैं। उनके कब्जे से शादी में प्रयुक्त होने वाला सामान और 10 हजार नगद बरामद किए गए हैं। मौके से एक पिकअप और एक कार बरामद हुई है।
पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गरीब परिवारों को बनाते हैं निशाना
राजगढ़ थाना में मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। विवाह की मध्यस्था कर रही अनीता देवी ने बताया कि कन्या पक्ष की गरीबी का फायदा उठाकर उनको पैसे का लालच देकर शादी कराई जाती है। कन्या पक्ष के राजी होने पर वर पक्ष को बुलाकर पैसे का लेनदेन कराते हुए शादी कराई जाती है। हापुड़ निवासी तुषार के साथ 16 वर्षीय नाबालिक किशोरी की शादी के लिए उसकी मां और नानी को पैसे का लालच देकर शादी कराई जा रही थी।