प्रयागराज के गंगा नदी में गुरुवार देर शाम झूंसी थाना क्षेत्र के छतनाग घाट पर तीन किशोर गंगा की तेज धारा में फंस गए। आस पास के लोगों ने दो किशोरों को तो बचा लिया, लेकिन तीसरे किशोर को बाहर नहीं निकाला जा सका। तीसरा किशोर पानी में डूब गया। देर रात तक गोताखोर उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उसके डूबने से घर में मातम छा गया है। आज सुबह से ही एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम उसकी खोजबीन कर रही है।
नगर के झूंसी थाना क्षेत्र के हवेलिया वार्ड, नई झूंसी निवासी मो. फैज उर्फ फैजू (16) उर्फ गुड्डू अपने दो दोस्तों अब्दुल अहद (16) और अल्फैज (18) के साथ गुरुवार शाम को घर से निकला था। वह तीनों कहीं गए थे। वहां से वह छतनाग घाट पर गंगा नहाने चले गए। गंगा नहाने के दौरान तीनों लड़के पानी के तेज बहाव और गहराई के भंवर में फंस गए।
तीनों दोस्त गए थे गंगा नहाने
तीनों को डूबता देख घाट पर मौजूद अन्य लोग चीखने चिल्लाने लगे। छतनाग निवासी संजय निषाद व अन्य लोग डूब रहे किशोरों को बचाने के लिए दौड़े। काफी मशक्कत के बाद अब्दुल अहमद और अल्फैज को तो लोगों ने बचा लिया, लेकिन तब तक में मो. फैज पानी की गहराइयों में समा गया। उसे लोगो ने बहुत खोजा, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
गोताखोरों की टीम लापता किशोर की तलाश में जुटी है।
सुबह से ही गोताखोरों की टीम खोज रही
फैज के डूबने से उसके दोनों साथी घबरा गए। वहां से वह दोनों पुलिस को सूचना देने के बजाय सीधे अपने घर चले गए। घर जाकर देर शाम उन लोगो ने अपने घरवालों से घटना के बारे में बताया तो घरवाले सन्न रह गए। घरवालों ने फैज के परिजनों को बताया। पुलिस को सूचना दी गई। सभी लोग छतनाग घाट पर पहुंच गए। परिजन धड़ मारकर रोने लगे। पुलिस ने गोताखोरों को लगाया।
देर रात तक घट के आस पास मो. फैज की तलाश कराई गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उसके घर में मातम छाया हुआ है।झूंसी के छतनाग चौकी इंचार्ज नवीन सिंह ने बताया कि आज फैज की तलाश में फिर गोताखोरों को लगाया गया है। फैज के दो भाई एक बहन हैं। फैज कक्षा नौ का छात्र था। मां सायरा बानो बेटे के डूबने से बेसुध हो गई।