उत्तर प्रदेश अमेरिका को हथियार सप्लाई करने वाला देश का पहला राज्य बनने जा रहा है। हथियार है 100 साल पहले बंद हो चुकी वेब्ले-455 रिवॉल्वर। इस ब्रिटिश कंपनी ने साल 1887 में इस मॉडल को बाजार में उतारा था। फिर 1924 में इस रिवॉल्वर को बनाना बंद कर दिया।
इसका उत्पादन बंद होने से पहले यह 19वीं और 20वीं सदी में दुनियाभर में हुई कई क्रांतियों और युद्धों की गवाह बन चुकी थी। करीब 37 सालों में यह दुनिया के कोने-कोने तक पहुंची। इसी यात्रा में अंग्रेज इसे भारत लेकर आए। लंबे समय से इस एंटीक रिवॉल्वर को फिर से बनाने की मांग उठ रही थी। अब इस मॉडल को बनाने के लिए वेब्ले ने भारत के स्याल मैन्युफैक्चरर प्राइवेट लिमिटेड से समझौता किया है।
क्यों वेब्ले-455 का हरदोई से फिर उत्पादन शुरू होना खास है? रिवॉल्वर की खासियत से लेकर इसका इतिहास जानिए-
वेब्ले एंड स्कॉट यूपी में मैन्युफैक्चरिंग करने वाली पहली ग्लोबल हथियार कंपनी वेल्बे एंड स्कॉट ब्रिटेन की हथियार कंपनी है। यही कंपनी वेब्ले-455 रिवॉल्वर बनाती थी। अब इस कंपनी का यूपी से कनेक्शन हो गया है। यह पहली ग्लोबल हथियार कंपनी है, जिसने 2020 में यूपी में हथियार बनाना शुरू किया। हरदोई में इसकी फैक्ट्री है।
यहां वेब्ले एंड स्कॉट कंपनी के बने हथियारों की सप्लाई दुनियाभर में होती है। नया मामला अब इसमें एंटीक वेब्ले-455 रिवॉल्वर के बनाने और उसको अमेरिका भेजने का है। इसके पहले इस रिवॉल्वर का निर्माण सिर्फ ब्रिटेन में हुआ है।
अब अमेरिका, ब्राजील और यूरोपीय देशों में इसे दोबारा बनाने की मांग बढ़ती जा रही थी। तभी कंपनी ने इसे फिर बनाने का फैसला किया है। अमेरिका ने 10 हजार वेब्ले-455 रिवॉल्वर का ऑर्डर पहले ही दे रखा है।