प्रयागराज : सपा की बागी विधायक पूजा पाल अब भाजपा के लिए वोट मांग रही हैं। वह फूलपुर उपचुनाव में एक्टिव हो गई हैं। भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल के लिए प्रचार कर रही हैं। पूजा ने 9 महीने पहले राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। मगर पार्टी के विरोध में कुछ भी बोलने से बच रही थीं, लेकिन अब खुलकर सामने आ गई हैं।
इससे फूलपुर में भाजपा मजबूत हो रही है। यहां करीब 20 हजार पाल बिरादरी के वोटर हैं। पूजा की अपनी बिरादरी के लोगों में अच्छी पैठ मानी जाती है। पूजा पाल ने DB digital से कहा- सीएम योगी ने उन्हें न्याय दिलाया है, इसलिए उनके साथ हैं।
पूजा पाल कौशांबी जिले की चायल विधानसभा से विधायक हैं।
पूजा पाल के प्रचार की 3 तस्वीरें…
कार्यकर्ताओं के साथ पंफलेट लेकर पूजा पाल घर-घर जा रहीं। भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल के लिए वोट मांग रहीं।
महिलाओं के बीच जाकर पूजा पाल भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिना रही हैं।
पूजा पाल खेतों में भी जाकर वहां मौजूद लोगों से दीपक पटेल के समर्थन में वोट की अपील करती देखी गईं।
माफिया अतीक से लड़ना बहुत कठिन था पूजा पाल ने कहा- विधायक पति राजू पाल की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। 18 सालों तक हम न्याय के लिए लड़ते रहे। सभी ने आश्वासन दिया, लेकिन न्याय सीएम योगी से ही मिला। मेरे समाज को भी न्याय उन्हीं से मिला, इसलिए मैं उनके साथ हूं।
मैं माफिया अतीक अहमद से 18 वर्षों तक लड़ती रही। भय में थी, लेकिन अब मुझे न्याय मिला है। मेरा नेचर स्वाभिमान से जीना है, इसलिए मैं न्याय के साथ हूं। पूरा पाल समाज मेरे साथ है।