प्रेमानंदजी संभल डीएम से बोले-बिना डरे अपना काम करें:आप महात्मा हैं; एक भक्त ने पूछा- मुझे लड़के अच्छे लगते हैं

KHABREN24 on January 21, 2025
प्रेमानंदजी संभल डीएम से बोले-बिना डरे अपना काम करें:आप महात्मा हैं; एक भक्त ने पूछा- मुझे लड़के अच्छे लगते हैं

मथुरा-वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज से संभल के डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया मिलने पहुंचे। वृंदावन स्थित राधा केली कुंज के दरबार में डीएम ने प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए। महाराज ने उन्हें कर्तव्य का पाठ पढ़ाया। उन्हें बिना डरे और निष्पक्ष होकर प्रशासनिक कर्तव्यों का पालन करने का भी मंत्र दिया।

प्रेमानंद महाराज ने डीएम से कहा- भगवान की कृपा से ही सेवा मिलती है। जब भागवत कृपा से यह सेवा मिली है, तो इसका निर्वहन करते रहना है। लालच से प्रभावित नहीं होना है और न ही डरना है। अपने अधिकार के अनुसार देश की सेवा करनी है। भगवान का स्मरण करते हुए ही जीवन जीना है, क्योंकि जीवन का लक्ष्य भगवान की प्राप्ति है।

प्रेमानंद महाराज को प्रणाम करते संभल डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया।

प्रेमानंद ने गीता का उपदेश दिया प्रेमानंद महाराज ने डीएम को समझाया कि लक्ष्य हासिल करने के लिए हमें भजन करना है। आपको जिला संभालने का मौका मिला है। सेवाएं भले ही अलग-अलग हैं, लेकिन इनाम दोनों को एक ही मिलेगा। आपको जिलाधिकारी का पद मिला है। इसलिए अगर आप ईमानदारी और सत्य के भाव से नाम जपते हैं, तो आप एक महात्मा है।

उन्होंने संभल डीएम को अर्जुन का उदाहरण दिया। कहा- अर्जुन कहते हैं कि संन्यास लेकर भगवान के भजन करूंगा, लेकिन भगवान उन्हें मना करते हैं। भगवान कहते हैं कि इस समय धर्मयुद्ध चल रहा है और यही कर्तव्य है।

आप अपने कर्तव्य का पालन करते हुए और नाम का जाप करते हुए केवल यह देखिए कि आपसे अपने कर्तव्य में गलती नहीं होनी चाहिए। इस सोच से देश की सेवा भी हो जाएगी। साथ ही आप एक उत्तम अधिकारी भी माने जाएंगे। यह भगवान की सेवा भी मानी जाएगी।

डीएम बोले- महाराज हम लहसुन-प्याज नहीं खाते डीएम ने प्रेमानंद महाराज से कहा कि हम चाय नहीं पीते और ना ही हमारे घर में कोई लहसुन-प्याज खाता है। इस पर महाराज ने कहा- इसीलिए आप साधु-संतों की शरण में आए हैं। संभल डीएम ने बताया कि वह हर दिन गीता का पाठ करते हैं। हर दिन 1 घंटे से ज्यादा पूजा करते हैं।

एक भक्त ने कहा- मुझे लड़कियों से ज्यादा लड़के पसंद हैं

प्रेमानंद महाराज बोले- अपने माता-पिता को अपने आकर्षण के बारे में बता दो

इस बीच प्रेमानंद महाराज से एक भक्त ने अनोखा सवाल किया। उसने कहा- मेरा लड़कियों की जगह लड़कों के प्रति आकर्षण हैं। लेकिन, मेरे माता-पिता लड़की के साथ मेरी शादी करवाना चाहते हैं। ऐसे में मैं क्या करूं?

प्रेमानंद महाराज बोले- ये बात तुमको अपने माता-पिता से बतानी चाहिए। तुम लड़की के साथ खिलवाड़ क्यों करोगे? मुझे लगता है कि तुम्हें अपने माता-पिता से इसको लेकर बात करनी चाहिए। अगर तुम्हारा लड़कियों में नहीं, लड़कों के प्रति आकर्षण है तो माता-पिता कैसे नहीं मानेंगे?

शादी करने की बात पर प्रेमानंद महाराज ने कहा- तुम किसी लड़की के जीवन से खिलवाड़ मत करो। तुम गलती से भी विवाह मत करना। जब स्त्री में तुम्हारा राग नहीं है, तो किसी का जीवन बर्बाद क्यों करोगे? भगवान ने हमें जो वृत्ति दी है, वह किसी से बताना गलत नहीं है। भगवान ने हमें बनाया है। माता-पिता को अपने आकर्षण के बारे में बता दो।

इस दौरान प्रेमानंद महाराज ने माता-पिता को लेकर कहा- जो भी माता-पिता अपने बच्चों से जबरदस्ती करते हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। उन्हें बच्चों के मन को भी समझना चाहिए। प्रेमानंद महाराज का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचे थे विराट-अनुष्का इससे पहले 10 जनवरी को अनुष्का शर्मा और उनके पति विराट कोहली प्रेमानंदजी महाराज के दर्शन करने वृंदावन पहुंचे थे। इस दौरान बेटी वामिका और बेटा अकाय भी साथ था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

प्रेमानंद महाराज को प्रणाम करते विराट-अनुष्का

वायरल वीडियो में अनुष्का और विराट को श्री प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से आशीर्वाद लेते देखा जा सकता है। इतना ही नहीं महाराज जी के सामने पहुंचते ही दोनों ने सबसे पहले दंडवत प्रणाम किया था।

दरअसल प्रेमानंद महाराज हर रात करीब 2.30 बजे छटीकरा रोड पर मौजूद श्रीकृष्ण शरणम सोसाइटी से श्री हित राधा केलि कुंज जाते हैं। इस दौरान बाबा के दर्शन करने के लिए हजारों लोग सड़कों पर उनके दर्शन के लिए आ जाते हैं।

भक्त अपने-अपने तरीकों से महाराज का स्वागत करते हैं और उनको सम्मान देते हैं। कई लोग ऐसे होते हैं जो सड़कों पर फूल बिछा देते हैं, तो कई लोग सड़कों पर रंगोली बनाते हैं।

Shree Shyam Fancy
Balaji Surgical
S. R. HOSPITAL
5 3 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x