समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की अस्थियां प्रयागराज में गंगा में प्रवाहित की गईं। अखिलेश यादव ने पूजा-पाठ के बाद संगम में अस्थियां प्रवाहित की। अखिलेश यादव के साथ उनकी बेटी, चाचा शिवपाल, धर्मेंद्र यादव, प्रतीक यादव समेत परिवार के अन्य लोग मौजूद रहे। एयरपोर्ट से लेकर गंगा, यमुना के संगम तक सपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। कार्यकर्ता नेताजी अमर रहें और जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।
चार्टर्ड विमान से प्रयागराज पहुंचे
अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव की अस्थियां लेकर सैफई हवाई पट्टी से चार्टर्ड विमान से बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां से अखिलेश जेड प्लस सुरक्षा के बीच सीधे संगम स्थित VVIP घाट पहुंचे। अस्थायी प्लेटफॉर्म पर परिवार के साथ अखिलेश ने पूजा-पाठ किया। जल पुलिस के स्टीमर से संगम में जाकर पिता मुलायम सिंह यादव की अस्थियों काे गंगा में प्रवाहित किया।
अस्थि विसर्जन के दौरान अखिलेश यादव के साथ धर्मेंद्र यादव।
अखिलेश की बेटी और चाचा शिवपाल यादव भी मौजूद
नेताजी मुलायम सिंह यादव की इच्छा के अनुसार उनकी अस्थियां संगम प्रयागराज में बुधवार को पूरे रीति-रिवाज से विसर्जित की गईं। अखिलेश यादव, उनकी बेटी, चाचा शिवपाल यादव, शिवपाल यादव के पुत्र आदित्य यादव, दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई अभयराम यादव, अभयराम के पुत्र धर्मेंद्र यादव और अनुराग यादव भी प्रयागराज पहुंचे।
ये तस्वीर सैफई से प्रयागराज के लिए निकलते समय की है। अखिलेश यादव परिवार के साथ चार्डेट प्लेन से निकले।
अखिलेश ने अस्थि प्रवाहित कर पिता मुलायम सिंह यादव की आत्मा शांति की कामना की।
अस्थायी प्लेटफॉर्म पर नेताजी की एक तस्वीर रखी गई है। प्लेटफार्म पर गद्दे और कुशंस बिछाए गए हैं।
ये तस्वीर अखिलेश के सैफई से प्रयागराज के लिए निकलते समय की है। वह निजी विमान से निकले थे।
नेताजी की अस्थियों को प्रवाहित करने के लिए संगम के ठीक बीचों-बीच एक अस्थायी प्लेटफार्म बनाया गया।
21 अक्टूबर को होगा शांति पाठ
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि मुलायम सिंह की मृत्यु के बाद शांति पाठ का आयोजन 21 अक्टूबर को सैफई में किया गया है। इस दिन ब्रह्मभोज भी होगा। हिंदू मान्यताओं के अनुसर 13वें दिन तेरहवीं का विधान है, पर सैफई की मान्यताएं अलग हैं। इस परंपरा का पालन करते हुए मुलायम सिंह यादव की तेरहवीं नहीं की जाएगी। केवल शांति पाठ ही होगा।
अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव की अस्थियां चुनकर सोमवार को हरिद्वार में विसर्जित की थीं। (फाइल)
10 अक्टूबर को हुआ था निधन, अखिलेश ने दी है मुखाग्नि
मुलायम सिंह यादव का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 10 अक्टूबर को निधन हो गया था। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्होंने सुबह 8:16 बजे अंतिम सांस ली। मंगलवार अपराह्न 3 बजे महोत्सव ग्राउंड में बने समाधि स्थल पर मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार किया गया था। मुलायम सिंह यादव 82 साल के थे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी थी। अंतिम संस्कार के बाद अखिलेश ने उनकी अस्थियां चुनकर एक कलश में रखा था, जिसे पहले हरिद्वार और अब बुधवार को प्रयागराज के संगम में विसर्जित किया जाएगा।