निकाय चुनाव में यूपी में “गंदगी हटाओ झाड़ू चलाओ” अभियान को मिले जन समर्थन के बाद AAP (आम आदमी पार्टी) प्रदेश के सभी नगर निगम/ नगर पंचायत /नगर पालिका के क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी। जिसके माध्यम से पार्टी पदाधिकारी निकाय में व्याप्त भ्रष्टाचार को जनता को बताएंगे और निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी को एक बार मौका देने की अपील करेंगे।
जिला निकाय चुनाव प्रभारी मनीष गुप्ता ने बताया कि पार्टी 20 नवंबर से 30 नवंबर तक 800 कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी। इसके लिए प्रदेश के 77 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी निकाय की सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान नए लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी।
क्षेत्रीय सर्वे के बाद तय होगा प्रत्याशियों का नाम
मनीष गुप्ता ने बताया, “निकाय चुनाव के लिए आवेदन फार्मो का वितरण किया जाएगा और संभावित प्रत्याशियों का क्षेत्रीय सर्वे कराकर नामों पर चर्चा की जाएगी। यही इस कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्देश्य है।पिछले कुछ दिनों से AAP द्वारा चलाए गए हर अभियान में जिस तरह जनता ने पूर्ण रूप से AAP का समर्थन किया है। निकाय चुनाव केजरीवाल के दिल्ली फार्मूले पर लड़ा जाएगा।”
यह फोटो डॉ. अलताफ अहमद जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी की है।
‘केजरीवाल मॉडल काे घर-घर पहुंचाएंगे’
AAP के जिलाध्यक्ष डॉ.अलताफ अहमद ने बताया, “11 दिन में 800 कार्यकर्ता सम्मेलन कर नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में चरम सीमा पर व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर जनता को संबोधित किया जाएगा। यूपी के प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के निर्देशन में कार्यकर्ता और पदाधिकारी दिल्ली के केजरीवाल मॉडल को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।”
उन्होंने कहा कि “गंदगी हटाओ झाड़ू चलाओ” पदयात्रा के दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने निगमों के भ्रष्टाचार को जनता तक पहुंचाने का काम किया और प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, जर्जर शिक्षा भवन, महिला असुरक्षा, प्रशासनिक लापरवाही, रिश्वतखोरी, नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही से अवगत कराया है।