वाराणसी | वाराणसी के गोदौलिया चौराहा स्थित होटल गंगेज ग्रैंड की छत पर रविवार की दोपहर आग लग गई। जानकारी पाकर होटल स्टॉफ छत पर पहुंचा तो पता लगा कि एग्जॉस्ट फैन से संबंधित मशीन से धुआं निकल रहा है। होटल में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से 20 मिनट में आग पर काबू पाया गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है।
शहर के भीड़भाड़ वाले अति व्यस्त क्षेत्र गोदौलिया चौराहा पर डॉ. सत्यदेव सिंह का होटल गंगेज ग्रैंड है। रविवार दोपहर स्थानीय लोगों ने होटल की छत से धुएं का गुबार उठता देखा तो तत्काल स्टाफ को सूचना दी। होटल स्टाफ तेजी दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों के साथ छत पर पहुंचा।
जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है
एसीपी दशाश्वमेध अवधेश कुमार यादव ने बताया कि एग्झास्ट फैन से संबंधित मशीन से धुआं निकल रहा था। प्रथम दृष्टया यह समझ में आया है कि ऐसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ है। किसी भी प्रकार से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। होटल में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से ही आग पर काबू पा लिया गया है।