स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की 126वीं जयंती के अवसर शहर में छात्रों ने मानव श्रृंखला बनाई। कक्षा 8वीं से 12वीं तक के 29 विद्यालयों के छात्र- छात्राओं एवं उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के द्वारा एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया। इस मानव श्रृंखला में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मानव श्रृंखला सुभाष चौराहा, सिविल लाइन एवं सुभाष चैराहा से चारों दिशाओं को जाने वाले मार्ग पर बनाई गई। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री द्वारा सुभाष चन्द्र बोस जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया तथा उसके बाद दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। उन्होंने सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।
सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी प्रदर्शनी का शुभारंभ करते जिलाधिकारी।
नेताजी के व्यक्तित्व से संबंधित लगाई प्रदर्शनी
जिलाधिकारी के द्वारा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से संबंधित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। जिलाधिकरी ने कहा कि आज हम आजादी के दीवाने सुभाष चन्द्र बोस की जयंती मना रहे है। आज के दिन को हम लोगों ने सड़क सुरक्षा शपथ के लिए इस लिए चुना है कि हम अपने लोगों को, अपने बच्चों को, रिश्तेदाराें को, आने वाली पीढ़ियों को रोड एक्सीडेंट से आजादी व सुरक्षा दिला सकें। संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार मौर्य द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सड़क दुर्घटना के गत वर्ष के आंकड़ों से अवगत कराते हुए दुर्घटना के फलस्वरूप होने वाली जन/धन हानि से सचेत किया गया। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में पूरे देश में 1.50 लाख लोगों की मृत्यु हो जाती है तथा उत्तर प्रदेश में 22,000 से अधिक लोगों की मृत्यु हो जाती है। प्रयागराज में 650 लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई है।