कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया। भिलाई में भी शुक्रवार देर शाम उन्होंने दुर्ग सांसद विजय बघेल का आवास घेरने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों के बीच जमकर झूमा-झटकी हुई।
आपको बता दें कि सूरत कोर्ट ने मानहानि के एक मामले में गुरुवार को राहुल गांधी को दोषी करार देते हुए 2 साल की सजा सुनाई थी। इस फैसले के बाद लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की संसद की सदस्यता को रद्द कर दिया है। नियम के मुताबिक, यदि सांसदों और विधायकों को किसी भी मामले में 2 साल या उससे अधिक की सजा होती है, तो उनकी सदस्यता संसद और विधानसभा से रद्द हो जाती है।
इस फैसले के बाद कांग्रेस पार्टी में तूफान सा आ गया है। पूरा दिन राजनीतिक गलियारे में गहमागहमी का माहौल रहा। भिलाई में कांग्रेस के यूथ कार्यकर्ता देर शाम दुर्ग सांसद विजय बघेल का आवास घेरने सेक्टर 5 स्थित उनके घर पहुंच गए। उन लोगों ने पहले इस कार्रवाई के विरोध में पैदल मार्च कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के विरोध नारेबाजी की। इसके बाद पुतला जलाकर सांसद आवास को घेरने की कोशिश की।
पुलिस से हुई जमकर झड़प
सांसद आवास घेराव की सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस ने उस क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। जलते हुए पुतले में पानी डाल दिया। इसके बाद कांग्रेसी जब सांसद आवास तक नहीं पहुंच पाए, तो पुलिस और उनके बीच जमकर झड़प हुई। दुर्ग में भी सांसद सरोज पाण्डेय के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात किया गया है।