मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर गुरुवार को भिलाई में श्रीराम जन्मोत्सव समिति ने चारों दिशाओं से शोभायात्रा निकाली। इस बीच रात 7 बजे के बाद कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई, लेकिन भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। जय श्रीराम के जयकारे के साथ हजारों भक्त भगवा ध्वज लिए रामलीला मैदान पावर हाउस पहुंचे।
यहां हनुमान चालीसा का पाठ किया और भक्तों से संग्रहित अनाज से बना महाप्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान बुलडोजर पर निकाली गई झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल निवास पद्मुनगर भिलाई-3 में कन्या भोज कराया गया। बघेल परिवार ने पांव पखारे, चुनरी ओढ़ाकर कन्याओं का स्वागत किया, भोज भी कराया।