समाजवादी पार्टी ने काफी जद्दोजहद के बाद 8 शहरों के लिए महापौर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसमें प्रयागराज से अजय श्रीवास्तव को सपा ने महापौर का प्रत्याशी बनाया है। अजय श्रीवास्तव शहर के जार्ज टाउन इलाके के रहने वाले हैं। यह पिछले 6 वर्ष के पहले बहुजन समाज पार्टी में थे और 2017 में ही इन्होंने पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज के साथ समाजवादी पार्टी का दामन थामा था। यह टाइल्स और रियल स्टेट के कारोबार से जुड़े हैं।
अजय श्रीवास्तव को टिकट मिलने के बाद पुराने और वर्षों से साइकिल का झंडा उठाने वाले कार्यकर्ताओं में अंदर ही अंदर मायूसी और नाराजगी भी दिखने लगी है। यह टिकट के लिए काफी दिनों से लगे थे। लखनऊ मुख्यालय बुलाकर उनसे बातचीत की गई और फिर उनके नामों की घोषणा कर दी गई।
अजय श्रीवास्तव ने कहा, पार्टी ने मेरे ऊपर भरोसा जताया है तो उसे पूरी ईमानदारी से पूरा करने का प्रयास करूंगा।
बसपा की सीट से लड़े थे विधानसभा का चुनाव
अजय श्रीवास्तव पुराने बसपाई रहे हैं। वर्ष 2002 के विधानसभा चुनाव में मायावती ने इलाहाबाद शहर उत्तरी से अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वह बसपा में ही उन्हें महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार उन पर भरोसा जताते हुए महापौर का टिकट दिया है। अजय श्रीवास्तव केपी ट्रस्ट में भी उपाध्यक्ष रहे चुके हैं। कायस्थ समाज में वह कई पदों पर अपनी भूमिका निभा चुके हैं। जातिगत समीकरण को देखते हुए उन्हें पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। अब देखना है कि वह भाजपा प्रत्याशी को मात देने में कितना सफल हो पाते हैं।
नामित पार्षद भी रहे चुके हैं अजय श्रीवास्तव
अजय श्रीवास्तव वर्ष 2007 से 2012 तक नगर निगम में पार्षद भी रह चुके हैं। अब वह सीधे महापौर की लड़ाई में हैं। बता दें कि प्रयागराज में महापौर की कुर्सी पर दो बार कायस्थ समाज के नेता भी बैठ चुके हैं। पहली बार वर्ष 2001 में डॉ. केपी श्रीवास्तव महापौर बने थे, उस समय वह सपा में ही थे।
इसके बाद वर्ष 2006 में कांग्रेस ने चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया और वह चुनाव जीत भी गए थे, उन्होंने सपा के विनोद चंद्र दुबे को हराया था। 2012 में सपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। 2017 में हुए निकाय चुनाव में सपा ने दोबारा विनाेद चंद्र दुबे को ही प्रत्याशी बनाया लेकिन सपा हार गई। अब एक बार फिर सपा ने कायस्थ समाज से आने वाले अजय श्रीवास्तव पर दांव लगाया है।