वाराणसी में देव दीपावली को भव्य रूप देने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में लग गया है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर गंगा में नौका संचालन को लेकर प्रशासन ने रुपरेखा तैयार कर ली है। गंगा में छोटी व चप्पू वाली नौकाएं नहीं चलेंगी। जल पुलिस की ओर से छोटी नौकाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सिर्फ मोटर बोट वाली नौकाएं चलेंगी।
गंगा में लोगों की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ के अलावा पीएसी, एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवान 55 नावों पर तैनात रहेंगे। दशाश्वमेध, अस्सी, केदार और नमो घाट पर आठ वाटर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। देव दीपावली पर इस बार 15 लाख से अधिक पर्यटकों के आने की संभावना है।
देव दीपावली पर छोटी नाव नहीं चलेगी।
गंगा क्षेत्र को 4 सेक्टर और 8 सब सेक्टर में बांटा जाएगा
जल पुलिस ने देव दीपावली पर पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली है। गंगा क्षेत्र को चार सेक्टर और आठ सब सेक्टर में बांटा गया है। नियमानुसार तरीके से ही नौकाओं का संचालन किया जाएगा। गंगा में दो लेन में नौका संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रयागराज से जेटी की मांग की गई है। इसकी मदद से गंगा में करीब सात किलोमीटर लंबे बहाव क्षेत्र में मार्कर लगाए जाएंगे। इसमें दशाश्वमेध की ओर से अस्सी की ओर जाने वाली नावों को घाट के किनारे से जाएंगी। वहीं वापसी रेती की साइड से होगी।
जल पुलिस के साथ नाविकों की बैठक हो चुकी हैं।
नाव और बजड़ों की बुकिंग लगभग फुल
देव दीपावली के लिए अभी से नाव और बजड़ों की बुकिंग लगभग 90% फुल हो चुकी है। बड़े आकार के बजड़ों की बुकिंग लाख रुपए में हो रही है। पर्यटकों की बुकिंग का आलम यह है कि छोटी नावों की बुकिंग अच्छे खासे रेट पर हो रही है। इस बार धूमधाम और उत्साह के साथ देव दीपावली मनाई जाएगी। पर्यटन विभाग देव दीपावली समितियों के साथ मिलकर इसकी तैयारी कर रहा है। तैयारियों को लेकर हर किसी में इस बार खासा उत्साह है।
देव दीपावली पर लाखों पर्यटकों के आने की उम्मीद।
आसपास के जिलों से करीब डेढ़ हजार वाहन की मांग
टूर ऑपरेटरों ने पर्यटकों की बुकिंग देखते हुए आसपास के जिलों से डेढ़ हजार चार पहिया वाहनों की मांग की है। टूर ऑपरेटर प्रवीण मेहता के मुताबिक वाहनों की कमी को पूरा करने के लिए चंदौली, गाजीपुर, मिर्जापुर के टूर ऑपरेटरों से वाहनों मंगाया गया है। देव दीपावली पर ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए छोटे चार पहिया की मांग अधिक है।