महाकुंभ-2025 में 2500 करोड़ की परियोजनाओं का प्रस्ताव:150 परियोजनाओं के प्रस्ताव पर मुहर, 5 ROB बनेगा, 100 सड़कें चौड़ी होंगी
KHABREN24 on December 16, 2022
प्रयागराज में 2025 में लगने वाले महाकुंभ को लेकर के प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। इसी कड़ी में प्रयागराज मेला प्राधिकरण कार्यालय में गुरुवार को महाकुंभ की परियोजनाओं को अमली जामा पहनाने और शासन की मंजूरी को लेकर बैठक हुई। बैठक में महाकुम्भ-2025 के लिए 2500 करोड़ की 150 परियोजनाओं पर सहमति बनी। इनमें 5 रेलवे ओवरब्रिज और 100 से अधिक सड़कों का चौड़ीकरण प्रमुख है।
इन विकास परियोजनाओं को मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी देख रही है। अब इस कमेटी से स्वीकृति मिलने के बाद इन परियोजनाओं को नगर विकास विभाग मंजूरी और बजट मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद इनकी टेंडरिंग का काम शुरू होगा। इन परियोजनाओं को दिसंबर 2024 से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कुंभ मेलाधिकारी विजय किरण आनंद की मौजूदगी में हुई बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने की।
ये होंगे काम
पांच आरओबी तथा लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और पीडीए की 100 से अधिक सड़कों को चुना गया, जिन्हें चौड़ा किया जाएगा।
नगरीय क्षेत्र के सभी चौराहों का सुंदरीकरण कराया जाएगा, जल निगम नई पानी की टंकियां बनवाएगा, यह काम हर घर जल योजना के तहत होगा।
बेली व सिविल लाइंस में उप केंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी, नालों की टैपिंग होगी।
संगम पर रोप-वे का निर्माण प्रयागराज विकास प्राधिकरण कराएगा, इसे अगली बैठक में बजट के लिए भेजा जाएगा।
सभी ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता को बढ़ाया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में ओपीडी, ओटी, प्रतीक्षालय के लिए भवन बनेगा।
बेगम बाजार आरओबी के लिए 128 करोड़ का बजट शासन को भेजा जाएगा।
सलोरी आरोबी के लिए नौ करोड़ के बजट मांगा गया है।
जिले में पांच पुलों का निर्माण होना है, इसमें प्रयागराज से वाराणसी, लखनऊ मार्ग पर कुल तीन पुल है, जबकि एक पुल सुबेदागंज व एक नैनी में बनाया जाएगा।
कुम्भ के मदेनजर जिले में पर्यटन विभाग का काम लगभग 100 करोड़ रुपये का होगा।
कर्जन ब्रिज पर म्यूजियम बनना तय हो गया है। ब्रिज पर म्यूजियम बनाने सेल्फी प्वाइंट बनाने, लोगों के बैठने के लिए बेच बनाने और बीच-बीच में हाट बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है।
नागवासुकि मंदिर द्वादश माघ मंदिर, अलोपशकरी मंदिर, तक्षक तीर्थ मंदिर से ललिता देवी मंदिर तक मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।
साथ ही भरद्वाज आश्रम के आसपास काम शुरू किया जाएगा। यहां आश्रम बनाया जाना है।